ओमप्रकाश राजभर बोले- UP में सरकार बनी तो पांच साल में 5 CM और 20 डिप्टी सीएम बनाएंगे
Advertisement

ओमप्रकाश राजभर बोले- UP में सरकार बनी तो पांच साल में 5 CM और 20 डिप्टी सीएम बनाएंगे

ओपी राजभर शुक्रवार को हरदोई के अतरौली में सुभासपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय से भागीदारी संकल्प मोर्चा का हिस्सा बनने की मांग की है. 

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर.

हरदोई: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक है. ऐसे में राजनीतिक दल समीकरण साधने में जुट गए हैं. नए-नए गठजोड़ बनाने की कोशिश हो रही है. इसी कड़ी में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के साथ मिलकर भागीदारी ​संकल्प मोर्चा बनाने के प्रयास में जुटे हैं. 

ओपी राजभर शुक्रवार को हरदोई के अतरौली में सुभासपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय से भागीदारी संकल्प मोर्चा का हिस्सा बनने की मांग की है. उन्होंने 2022 यूपी चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनने पर पहले साल संजय निषाद को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया. ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार बनने पर 5 साल में पांच मुख्यमंत्री और एक साल में 4 डिप्टी सीएम बनाएंगे. 

'भाजपा से क्यों भीख मांग रहे निषाद, हम बनाएंगे मुख्यमंत्री'
ओम प्रकाश राजभर ने इस दौरान भाजपा पर हमला करने के साथ ही निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बेटे को भी नहीं बख्शा. उन्होंने कहा कि भाजपा में भीख क्यों मांग रहे? हमारे पास आओ, हम तुम्‍हें मुख्यमंत्री बना देंगे. भारतीय जनता पार्टी के पास मतदाता नहीं रहे. वह वोट विहिन चुकी है, जिसका परिणाम बहुत जल्द विधानसभा चुनाव में दिखेगा. ऐसे में सुभासपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता.

सुभासपा अध्यक्ष ने बताया 2022 में सरकार बनाने का फॉर्मूला
सुभासपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार कैसे बनेगी यह फॉर्मूला भी बताया. उन्होंने कहा कि 14% आबादी अकेले निषाद, बिंद, केवट, मल्लाह, माझी वगैरह समुदाय का है. ये सभी अर्कवंशी, बंजारा, राजभर के साथ आ जाएं, हमारे मोर्चे में शामिल हो जाएं तो दावा करता हूं कि 2022 में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनेगी. पांच साल चलेगी.

पांच साल में 5 मुख्यमंत्री और​ हर साल 4 डिप्टी सीएम बनाएंगे
ओपी राजभार ने कहा कि हर साल एक-एक जाति का मुख्यमंत्री बनाएंगे. पहले साल संजय निषाद को ही बना देंगे, भाजपा से क्या भीख मांग रहे हैं? दूसरे साल हम राजभर को बना देंगे, तीसरे साल पटेल को बना देंगे और चौथे साल मौर्या को बना देंगे. हम 5 साल में 5 मुख्यमंत्री और 1 साल में 4 डिप्टी सीएम 4 जातियों से बनाएंगे. यह भागीदारी संकल्प मोर्चा की सोच है. भाजपा से भीख मांगने वाले यहां मालिक बन कर अपने समाज का भला करें. 

भागीदारी संकल्प मोर्चा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, 2022 के लिए राजनीतिक गठबंधन है. इसमें अब तक 10 छोटे दल शामिल हैं. 

(1) बाबू सिंह कुशवाहा , जन अधिकार पार्टी
(2) ओम प्रकाश राजभर , सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी
(3) बाबू रामपाल , राष्ट्र उदय पार्टी
(4) रामशरण कश्यप , भारतीय वंचित समाज पार्टी
(5) प्रेमचंद प्रजापति , भागीदारी पार्टी (पी)
(6) अनिल सिंह चौहान , जनता क्रांति पार्टी
(7) देवेंद्र सिंह लोधी , राष्ट्रीय क्रांति पार्टी
(8) कृष्णा पटेल , अपना दल (कमेराबादी)
(9) केवट रामधनी बिन्द , भारतीय मानव समाज पार्टी
(10) असदुद्दीन ओवैसी , AIMIM.

WATCH LIVE TV

Trending news