Bharat Ratna Award: राष्ट्रपति भवन में शनिवार को आयोजित एक प्रोग्राम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की चार महान शख्सियात को मरणोपरांत 'भारत रत्न' ऐजाज से सरफराज किया है.  इनमें बिहार के पूर्व सीएम जननायक कर्पूरी ठाकुर, देश के पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और देश के मशहूर कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया. इन चारों विभूतियों को मरणोपरांत यह ऐजाज दिया गया है. बिहार के पूर्व सीएम जननायक कर्पूरी ठाकुर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुल्क के सबसे बड़े ऐजाज 'भारत रत्न' से सम्मानित किया. कर्पूरी ठाकुर का अवार्ड उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने रिसीव किया. केंद्र की मोदी सरकार द्वारा उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान देने का ऐलान किया गया था.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

 


राष्ट्रपति भवन में हुआ आयोजन
शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक प्रोग्राम में स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर ने यह सम्मान प्राप्त किया. देश के पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव को भी मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया. उनके बेटे पीवी प्रभाकर राव ने राष्ट्रपति से यह ऐजाज हासिल किया. वहीं, मुल्क के एक और पूर्व पीएम और किसानों के मसीहा माने जाने वाले चौधरी चरण सिंह को भी मरणोपरांत भारत रत्न से सरफराज किया गया. प्रेसिडेंट हाउस में आयोजित एक खास प्रोग्राम में उनके पोते जयंत चौधरी ने यह सम्मान हासिल किया.


 


लाल कृष्ण आडवाणी को भी मिलेगा सम्मान
देश के मशहूर कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भी (मरणोपरांत) भारत रत्न से सरफराज किया गया. उनकी बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह ऐजाज हासिल किया. इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के कौमी सद्र जेपी नड्डा और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत केंद्र सरकार के कई वजीर और दूसरी हस्तियों ने शिरकत की. लाल कृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न से सरफराज किया जाना है. बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, आडवाणी के घर जाकर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करेंगी. इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई अहम शख्सियात के मौजूद रहने की उम्मीद जाहिर की जा रही है.