)
भागलपुरः फिल्म 'देवदास’ में नायक दूर गांव से अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आता है. हालांकि, प्रेमिका से मिलने के पहले ही वह अपने प्राण त्याग देता है, और उसकी प्रेमिका पारो अपने प्रेमी का मरा हुआ चेहरा भी नहीं देख पाती है. यह दृश्य दर्शकों के दिलों में बैठ जाता है. देवदास और पारो के न मिलने का मलाल दर्शकों को खल जाता है. वह देवदास और पारो दोनों से समानुभूति स्थापित कर लेता है. इस तरह देवदास प्रेम के किस्सों और कहानियों में सदा के लिए अमर हो जाता है. लेकिन बिहार के भागलपुर में जो हुआ, वह देवदास और पारो की प्रेम कहानी से भी बुरा हुआ. बिहार के भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र में एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है. प्रेमी की लोगों ने पीट पीटकर हत्या कर दी है.
दिल का दर्द बताने आया था नीतीश
पुलिस के मुताबिक, बांका जिला के अमरपुर थाना के गोरगामा गांव का रहने वाला नीतीश कुमार (25) अपने एक दोस्त के साथ मंगलवार की रात नारायण बाटी गांव में पहली बार शादीशुदा प्रेमिका से इस उम्मीद में मिलने आया था कि मिलकर उससे ढेर सारी बातें बताएगा. उससे कुछ अपनी दिल की बातें करेगा, कुछ उसके दिल की बातें सुनेगा. वह कई सपने लेकर अपनी प्रमिका से मिलने आया होगा. उसका प्रेमिका के गांव में उससे मिलने आने का साहस करना देवदास से कम नहीं था, लेकिन नियती को कुछ और मंजूर थी, जिसकी वजह से नीतीश कुमार का देवदेश से भी खराब हश्र का सामना करना पड़ गया.
अंजान शख्स के आने की खबर पर उखड़ गए घरवाले
नीतीश कुमार जब प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो, प्रेमिका के घर वालों को इस बात की भनक लग गई कि उसके घर की बहु से मिलने कोई अंजान शख्स आया है. इस दौरान विवाहिता प्रेमिका के परिजनों ने नीतीश को पकड़ लिया और लाठी डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना में उसका साथ देने आया दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि नीतीश पहली बार अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव आया था. कहलगांव के पुलिस उपाधीक्षक शिवानंद सिंह ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने नीतीश कुमार की लाश को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दी है. इस मामले में प्रेमिका के पति को हिरासत में लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
पूरे इलाके में हो रही है इस घटना की चर्चा
बिहार में प्रेम को लेकर बहुत विविधताएं है. यहां से आए दिन ऐसी खबरें आती रहती हैं, जिसमें कभी प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की जबरन शादी करा दी जाती है, तो कभी उसके साथ मारपीट की जाती है. कभी कोई पांच बच्चे की मां प्रेमी संग फरार हो जाती है, तो कभी छह बच्चे का पिता दूसरी शादी रचा लेता हैं. उम्र से बड़ी महिलाओं और पुरुषों के साथ शादी भी यहां आम है. लेकिन ताजा खबर काफी हृदयविदारक है. पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है. कुछ लोगों की जहां नीतीश कुमार के प्रति सहानुभूति है, वहीं कुछ लोग उसे मरने के बाद भी कोस रहे हैं. नैतिकता और संस्कार की दुहाई दे रहे हैं, जबकि उसे मारने वालों के कृत्य पर लोग खामोश हैं.
Zee Salaam