)
Girl stuck: जल्दबाज़ी, लापरवाही, या ज़रा सी चूक इंसानी ज़िदगी के लिए ख़तरनाक साबित हो सकती है. जिसकी वजह से कई बार जान जोखिम में पड़ जाती है. लिहाज़ा सफ़र करते वक्त इन तमाम बातों का ख़्याल रखना चाहिए. जिससे इंसानी जान को कोई नुकसान ना पहुंचे. ऐसा ही एक मामला आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में दुव्वाडा स्टेशन पर सामने आया है. जहां एक कॉलेज स्टूडेंट ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई. ये हादसा बुधवार को पेश आया.
प्लेटफॉर्म तोड़कर निकाला बाहर
दरअसल गुंटूर रायगढ़ एक्सप्रेस से उतरते वक्त एक लड़की का पैर फिसल गया. जिसकी वजह से वो नीचे गिर गयी और ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच बुरी तरह फंस गई. लड़की को गिरते हुए देखकर लोगों ने आनन फानन में ट्रेन रुकवाई. लेकिन लड़की को बाहर नहीं निकाल पाये. लड़की जब तक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी रही तब तक वह दर्द से कराहती रही. लिहाज़ा इसके बाद प्लेटफॉर्म तोड़कर लड़की को बाहर निकाला गया.
ज़ख्मी हालत में हॉस्पिटल में भर्ती
इस हादसे की जानकारी जैसे ही स्टेशन मास्टर को मिली, तो फौरन GRP, RPF और रेलवे के इंजीनियर्स मौके पर पहुंच गए. उन्होंने ट्रेन में फंसा हुआ बैग निकालकर लड़की को थोड़ी राहत दी. उसके बाद प्लेटफॉर्म के किनारे तोड़कर उसे बाहर निकाला. इस हादसे की वजह से लड़की को कुछ चोटें भी आई, इसलिए उसे नज़दीक के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.
रोजाना ट्रेन से कॉलेज जाती है लड़की
बताया जा रहा है कि 23 साल की शशिकला नाम की लड़की अन्नावरम की रहने वाली है, और वह इंजीनियरिंग की स्टूडेंट है. जो रोजाना ट्रेन से ही विशाखापट्टनम अपने कॉलेज जाती है. लेकिन बुधवार को जब वह कॉलेज के लिए निकली. तो इस हादसे का शिकार हो गयी. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया. इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आते रहे है. लिहाज़ा जब भी आप ट्रेन से सफर करें तो ध्यानपूर्वक ट्रेन से उतरें.
Zee Salaam Live TV