दूसरी बार पंजाब के 'कैप्टन' बने अमरिंदर सिंह, सिद्धू भी बने कैबिनेट मंत्री
Advertisement
trendingNow1321271

दूसरी बार पंजाब के 'कैप्टन' बने अमरिंदर सिंह, सिद्धू भी बने कैबिनेट मंत्री

पंजाब में दस साल बाद कांग्रेस को अपने नेतृत्व में जीत दिलाने वाले अमरिंदर सिंह आज  मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लीं. 1 मार्च को राज्य विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के दिन अपना 75वां जन्मदिन मनाने वाले सिंह राज्य के 26वें मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने शपथ ली. उसके बाद सर्वाधिक चर्चित नाम नवजोत सिंह सिद्धू कैबिनेट मंत्री बने हैं.

पंजाब के 26वें मुख्यमंत्री के तौर पर अमरिंदर सिंह ने आज शपथ लीं. (तस्वीर के लिए साभार - एएनआई)

चंडीगढ़: कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दिलाने के बाद अमरिंदर सिंह ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. 75 वर्षीय अमरिंदर को राज्य के 26वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई.  उनके साथ नवजोत सिंह सिद्धू समेत नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली.

नवजोत सिंह सिद्धू समेत नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली

इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू को उप मुख्यमंत्री का पदभार सौंपा जाएगा लेकिन आज शपथ ग्रहण करने वाले नौ मंत्रियों की सूची में वह तीसरे क्रम पर थे। इस समारोह में दो राज्य मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई. दोनों राज्य मंत्री महिलाएं हैं. इस समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने शिरकत की. समारोह यहां राजभवन में आयोजित किया गया और राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर ने शपथ ग्रहण कराई.

सिद्धू के अलावा ब्रह्म महिंद्रा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल, साधु सिंह धरमसोत, तृप्त राजेंद्र सिंह बाजवा, राणा गुरजीत सिंह सोढी और चरणजीत सिंह चन्नी ने शपथ ग्रहण की.

दो महिला विधायकों ने भी ली शपथ

दो महिला विधायकों अरूणा चौधरी और रजिया सुल्ताना को राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण कराई गई. कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि राज्य कैबिनेट का विस्तार बाद में किया जाएगा. राज्य में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं। कांग्रेस के विधानसभा में 77 विधायक हैं.

अमरिंदर ने घोषणा की थी कि राज्य में वित्तीय संकट को देखते हुए शपथ ग्रहण समारोह सादा रहेगा. अमरिंदर दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं.
पार्टी उपाध्यक्ष के अलावा आनंद शर्मा, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अजय माकन, सचिन पायलट, प्रताप सिंह बाजवा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता इस समारोह में शामिल हुए. अमरिंदर की पत्नी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर और उनके परिजन भी इस अवसर पर मौजूद थे.

PM मोदी ने दी अमरिंदर को शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरिंदर सिंह को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई दी और उन्हें राज्य के विकास के लिए काम करने के लिए शुभकामनाएं दीं.  राज्य में अधिकतम 18 मंत्री बनाये जा सकते हैं. विधानसभा में कांग्रेस के 77 विधायक हैं.

10 साल बाद जीत का स्वाद  

उन्होंने कहा, ‘जब पंजाब के लोग वित्तीय और अन्य समस्याओं से जूझ रहे है तो हम जश्न नहीं मनाना चाहते.’ उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार राज्य को वृद्धि और विकास के रास्ते पर ले आएगी तो जश्न मनाने का पर्याप्त समय होगा. पंजाब में दस वर्ष बाद जीत का स्वाद चखने वाली कांग्रेस विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों और साथ ही अनुभवी तथा युवा नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल करना चाहेगी. यह देखना होगा कि इनमें से किसे आज मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा.

117 में से 77 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा 

सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर कांग्रेस दस साल के अंतराल के बाद पंजाब में सत्ता में आयी है. उसने विधानसभा की 117 सीटों में से 77 सीटों पर कब्जा जमाया. सत्तारूढ़ शिअद-भाजपा को 18 सीटें मिली, राज्य में पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरी आप ने 20 सीटें जीतीं जबकि दो सीटें नयी पार्टी और आप की सहयोगी लोक इंसाफ पार्टी को मिली. यह दूसरी बार है जब अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. इससे पहले वह 2002 से 2007 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे.

Trending news