Trending Photos
चेन्नई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता को मंगलवार को यहां पुष्पांजलि अर्पित की। जयललिता का बीती रात चेन्नई के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था।
प्रधानमंत्री के समीप राज्यपाल विद्यासागर राव तथा केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू एवं पी राधाकृष्णन एवं अन्य लोग उपस्थित थे। मोदी ने यहां राजाजी हाल में रखे गए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। मोदी सफेद कुर्ता एवं पायजामा पहने हुए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम को सांत्वना दी जो उन्हें देखकर सुबकने लगे। मोदी के जयललिता के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध थे। प्रधानमंत्री ने जयललिता की करीबी विश्वस्त शशिकला से भी बातचीत की।
इससे पहले प्रधानमंत्री एक विशेष विमान से यहां पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनकी आगवानी के लिए राज्यपाल विद्यासागर राव मौजूद थे। मोदी राजाजी हाल जाने के लिए एक हेलीकाप्टर पर सवार होकर आईएनएस अडयार पहुंचे। पिछली रात मोदी ने जयललिता के निधन की खबर आने के बाद ट्वीट की श्रृंखला में लिखा, ‘सेल्वी जयललिता के निधन से बहुत दुख हुआ। उनके निधन से भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा शून्य उत्पन्न हो गया है।’ गरीबों के लिए कई लोकप्रिय योजनाएं चलाने वाली जयललिता राज्य की एक लोकप्रिय नेता थीं। पिछले 75 दिन से जयललिता चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती थीं। रविवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा और जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद उन्होंने बीती रात साढ़े ग्यारह बजे अंतिम सांस ली।