करवाचौथ के दिन पति ने की पत्नी की हत्या
Advertisement

करवाचौथ के दिन पति ने की पत्नी की हत्या

मध्यप्रदेश के सीधी स्थित संजय गांधी महाविद्यालय की एम.ए. की एक छात्रा की उसके पति ने उसके चरित्र पर शक के चलते कल करवाचौथ के दिन कथित रूप से हत्या कर दी।

सीधी (मप्र): मध्यप्रदेश के सीधी स्थित संजय गांधी महाविद्यालय की एम.ए. की एक छात्रा की उसके पति ने उसके चरित्र पर शक के चलते कल करवाचौथ के दिन कथित रूप से हत्या कर दी।

कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी संतोष त्रिपाठी ने आज यहां बताया कि मृतक की पहचान प्रियंका मिश्रा के रूप में की गई है। वह संजय गांधी महाविद्यालय में इस वर्ष एम.ए. की छात्रा थी।

उन्होंने बताया कि अजय प्रकाश शुक्ला ने अपनी पत्नी प्रियंका की कल दोपहर करीब एक बजे संजय गांधी महाविद्यालय के निकट कथित रूप से कई बार चाकू से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। उसे घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया। वहां उसकी मौत हो गई। त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के गले, छाती, पेट एवं चेहरे सहित शरीर में 10 घाव थे।

उन्होंने कहा कि वारदात के बाद ही आरोपी अजय ने चाकू का उपयोग कर वहां से गुजर रहे सेवा निवृत्त पुलिसकर्मी गंगा पाण्डेय की मोटरसाइकिल छीनकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन नगर निरीक्षक संतोष त्रिपाठी ने उसे दबोच कर गिरफ्तार की लिया।

त्रिपाठी ने बताया कि प्रियंका और अजय का विवाह 2011 में हुआ था और प्रियंका अपने मायके पनवार बघेलान (सीधी कोतवाली) में ही रहकर उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही थी। उसका पति अजय कम पढ़ा लिखा था और रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के चोरागड़ी का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि अजय बेंगलुरू में ड्रायवर था। इसके कारण प्रिंयका अपने ससुराल नहीं जाती थी।

 

Trending news