सहारनपुर हिंसा : स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल, छह इलाकों में कर्फ्यू जारी

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जमीन को लेकर दो गुटों में हुए हिंसक झड़पों के बाद स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन की मदद ले रही है। इस हिंसा में तीन लोग मारे गए हैं जबकि 19 घायल हुए हैं।

सहारनपुर हिंसा : स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल, छह इलाकों में कर्फ्यू जारी

ज़ी मीडिया ब्यूरो

सहारनपुर/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जमीन को लेकर दो गुटों में हुए हिंसक झड़पों के बाद स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन की मदद ले रही है। इस हिंसा में तीन लोग मारे गए हैं जबकि 19 घायल हुए हैं। हिंसा प्रभावित सहारनपुर में आज तनावपूर्ण शांति है जहां दो समुदायों के बीच संघर्ष के बाद कर्फ्यू और देखते ही गोली मारने के आदेश लागू हैं और वहीं 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आईजी आलोक शर्मा ने कहा, 'यहां गलिया इतनी शकरी हैं कि पुलिस अधिकारियों को वहां पहुंच पाना संभव नहीं है। गलियां तीन से चार फीट चौड़ी हैं। दंगाई इसका फायदा उठा रहे हैं। ऐसे इलाकों में नजर रखने और अपराधियों को पकड़ने में ड्रोन हमारी मदद करेंगे।'

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) मुकुल गोयल ने कहा, ‘कल से कोई घटना नहीं घटी है। कर्फ्यू प्रभाव में है और कड़ाई से इसे लागू किया जा रहा है।’ उन्होंने कहा कि हालात को जल्दी से जल्दी सामान्य करने के लिए कदम उठाये जा रहे हैं।

लखनऊ में गोयल ने कहा, ‘यह निर्देश जारी किया गया है कि दोषी पाये लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।’ सहारनपुर की जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कहा, ‘हालात कल से बेहतर हैं। हालात अब सामान्य हैं।’ उन्होंने कहा कि हिंसा के सिलसिले में 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जमीन विवाद पर संध्या ने कहा, ‘मैं इस बारे में बात नहीं करूंगी। निर्माण पर रोक लगा दी गयी है।’ सहारनपुर में कल जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर दो गुटों में हुए संघर्ष में 3 लोगों की मौत हो गयी थी और 19 लोग घायल हो गये थे। घायलों में पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं।

सहारनपुर के आयुक्त तनवीर जाफर अली के मुताबिक जिले में धारा 144 लगा दी गयी है और छह इलाकों में कर्फ्यू लगा हुआ है।

इस बीच हिंसा को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार पर प्रशासनिक नाकामी का आरोप लगाया है वहीं भाजपा ने समाजवादी पार्टी पर वोट-बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.