रूस ने बर्बाद किया अपने रासायनिक हथियारों का आखिरी जखीरा, पुतिन ने बताया 'ऐतिहासिक क्षण'
Advertisement
trendingNow1343724

रूस ने बर्बाद किया अपने रासायनिक हथियारों का आखिरी जखीरा, पुतिन ने बताया 'ऐतिहासिक क्षण'

रासायनिक निरस्त्रीकरण के स्टेट कमिशन के अध्यक्ष मिखाइल बाबिच के अनुसार, विशेषज्ञों का कहना है कि रासायनिक हथियारों का भंडार पृथ्वी पर मानव जीवन को कई बार नष्ट कर सकता है.

व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस ने अपने अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा किया है. (फाइल फोटो)

मॉस्को: रूस ने अपनी आखिरी रासायनिक युद्ध सामग्री को देश के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में पूरी तरह से नष्ट कर दिया. रासायनिक निरस्त्रीकरण के स्टेट कमिशन के अध्यक्ष मिखाइल बाबिच ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बताया कि रासायानिक हथियारों को नष्ट करने की प्रक्रिया को तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पुतिन के हवाले से बताया, "हम कह सकते हैं कि यह यकीनन एक ऐतिहासिक क्षण है." मिखाइल के अनुसार, विशेषज्ञों का कहना है कि रासायनिक हथियारों का भंडार पृथ्वी पर मानव जीवन को कई बार नष्ट कर सकता है.

  1. सीडब्ल्यूसी पर हस्ताक्षर करने वाला रूस पहला देश था.
  2. पुतिन ने इस घटना को एक ऐतिहासिक क्षण बताया.
  3. रासायनिक युद्ध सामग्री को देश के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में नष्ट किया.

पुतिन ने कहा, "आधुनिक विश्व को अधिक संतुलित और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में यह बहुत ही बड़ा कदम है." पुतिन ने याद करते हुए कहा कि रासायनिक हथियार समझौते (सीडब्ल्यूसी) पर हस्ताक्षर करने वाला रूस पहला देश था. उन्होंने कहा कि रूस ने अपने अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा किया है. उन्होंने सीरिया में रासायनिक हथियारों की समस्या को सुलझाने में रूस की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों और आत्मविश्वास को मजबूत करने के कदमों पर अर्थपूर्ण संवाद के लिए रूस हमेशा तैयार है.

रासायनिक निरस्त्रीकरण के स्टेट कमीशन के अध्यक्ष मिखाइल बाबिच ने गुरुवार (21 सितंबर) को कहा था, "देश के प्रमुख द्वारा अधिकृत रासायनिक हथियारों को नष्ट करने का कार्यक्रम तय समय से पहले पूरा हो जाएगा, हालांकि हमारा अंतर्राष्ट्रीय करार 31 दिसंबर, 2018 को समाप्त हो रहा है, मुझे लगता है कि हम इसे इस महीने के अंत कर पूरा कर लेंगे." समाचार एजेंसी स्पुतनिक के मुताबिक, बाबिच ने इस बात का जिक्र किया था कि इस काम को पूरा करने की बिल्कुल सटीक तारीख कुछ दिनों में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित की जाएगी.

बाबिच ने मार्च में कहा था कि करीब 70,500 टन रासायनिक हथियारों के भंडार दुनियाभर में हैं, जिसमें 40,000 टन रूस में और 27,000 टन अमेरिका में हैं, बाकी अन्य देशों में हैं. जून में रूस के रासायनिक हथियारों के सुरक्षित भंडारण व निरस्त्रीकरण संघीय प्रशासन ने कहा था कि रूस पहले ही अपने 98.9 फीसदी रासायनिक हथियारों का भंडार नष्ट कर चुका है, जबकि बाकी हथियार के भंडार 2017 के अंत तक नष्ट कर दिए जाएंगे. 

Trending news