जमशेदपुर की बेटी का कमाल, चीन में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
Advertisement

जमशेदपुर की बेटी का कमाल, चीन में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व

जमशेदपुर की बेटी प्रज्ञा सिंह ने ना सिर्फ अपने शहर का बल्कि पूरे झारखंड राज्य का मान बढ़ाया है. 

जमशेदपुर की प्रज्ञा चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

जमशेदपुर: जमशेदपुर की बेटी प्रज्ञा सिंह ने ना सिर्फ अपने शहर का बल्कि पूरे झारखंड राज्य का देश में मान बढ़ाया है. जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज की छात्रा प्रज्ञा सिंह  का यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत इस वर्ष चीन जाने के लिए पूरे राज्यभर में चयन किया गया है. 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा हर साल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत समाज सेवा, कला, तथा शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उम्दा प्रदर्शन करने वाले एन.एस.एस वॉलेंटियर को विदेश भेजा जाता है, जिसके लिए कोल्हान यूनिवर्सिटी के करीम सिटी कॉलेज की मास कॉम विभाग की छात्रा प्रज्ञा सिंह का चयन चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है. प्रज्ञा सिंह  3 जुलाई से 10 जुलाई तक चीन के बिंजिग, संघाई, गुआंगजहु शहर में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. 

प्रज्ञा सिंह कोल्हान यूनिवर्सिटी एन.एस.एस के तरफ से अब तक कि पहली ऐसी छात्रा है जिनका इंटरनेशनल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए चयन किया गया है. प्रज्ञा सिंह को एन.एस.एस में सक्रिय होने के लिए कॉलेज तथा यूनिवर्सिटी की तरफ से सर्वश्रेष्ठ एन.एस.एस वॉलेंटियर का पुरस्कार भी दिया गया है. प्रज्ञा ने पिछले साल नई दिल्ली के गणतंत्र दिवस परेड में एन.एस.एस वॉलेंटियर के रूप में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर राज्य का मान बढ़ाया था. 

इसके साथ ही प्रज्ञा ने शिमला में हुए एन.आई.सी कैम्प में भी भाग ले कर झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है. प्रज्ञा खुद भी अपनी इस उपलब्धि से काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा मौका है जब इस प्रोग्राम के तहत दोनों देशों की सभ्यता और संस्कृति को देखने और समझने का मौका मिलेगा और वह भी इस समय जब दोनों देशों के बीच तल्खी हाल के दिनों में बढ़ी है, उस दिशा में भी संबंधों को सुधारने में सहायता मिलेगी.