)
Katihar Bajrang Dal News: कटिहार जिले के बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और भाकपा माले विधायक दल के नेता महबूब आलम (Mehboob Alam) आज बुरे फंसते दिखे. दरअसल, बीते दिनों मनसाही थाने के कुरेठा पंचायत के पिंडा गांव में जमीन जोतने को लेकर हिंसा और फायरिंग हुई थी. इस घटना में आदिवासी समुदाय के एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी और 2 लोग जख्मी हो गए थे. विधायक महबूब आलम ने कथित रूप से इस घटना के लिए बजरंग दल पर आरोप लगाते हुए उसे गुंडा तत्व कहा था और गोलीकांड के लिए जिम्मेदार भी बताया था.
गुरुवार को हिंदू समाज की ओर से इस घटना के विरोध में मौन जुलूस निकाला गया था. इस बीच कलेक्ट्रेट के पास विधायक महबूब आलम पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं की नजर पड़ गई. कार्यकर्ताओं ने विधायक का घेराव किया और बजरंग दल के खिलाफ टिप्पणी को लेकर सफाई मांगी और इस बाबत सबूत भी मांगे. कार्यकर्ताओं ने विधायक से पूछा कि आखिर किस आधार पर बजरंग दल के खिलाफ ऐसी टिप्पणी उन्होंने की.
बजरंग दल कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए विधायक महबूब आलम बैकफुट पर नजर आए. विधायक ने बजरंग दल के खिलाफ कोई टिप्पणी न करने और मीडिया में बयान को तोड़ मरोड़कर दिखाने का आरोप लगाया. मामला बिगड़ता देख पुलिस भी वहां पहुंच गई और आक्रोशित बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत किया.
इस दौरान विधायक महबूब आलम मीडिया के सवालों से बचते नजर आए. वही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस्लामिक कट्टरपंथी और प्रतिबंधित पीएफआई जैसे संगठनों के खिलाफ विधायकजी कभी नहीं बोलते, लेकिन बजरंग दल के खिलाफ अकसर वे बोलते रहते हैं.
झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Jharkhand News in Hindi और पाएं Jharkhand latest news in hindi हर पल की जानकारी । झारखंड की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!