सीएम नीतीश कुमार पहुंचे राजगीर, शीतल कुंड गुरुद्वारे में मत्था टेका
Advertisement

सीएम नीतीश कुमार पहुंचे राजगीर, शीतल कुंड गुरुद्वारे में मत्था टेका

सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर राजगीर के शीतल कुंड गुरुद्वारा पहुंचे. उन्होंने मत्था टेका और अरदास में भी शिरकत की. 

नीतीश कुमार ने मत्था टेका और अरदास में भी शिरकत की.

राजगीर: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर राजगीर के शीतल कुंड गुरुद्वारा पहुंचे. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश विदेश से आए श्रद्धालुओं को देख काफी गदगद हुए.

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का बिहार सरकार, बिहार के लोग और अपनी ओर से हार्दिक अभिनन्दन किया. उन्होंने कहा की हमारे लिए यह गौरव की बात है की राजगीर के गुरुनानक कुंड में भव्य गुरुद्वारा का निर्माण किया जा रहा जिससे अब राजगीर में आने वाले पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी.

इस मौके पर हकी ग्राउंड में बने लंगर हॉल में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को लंगर परोसने के बाद स्वयं लंगर छका. मुख्यमंत्री ने लंगर में सेवा भी की. उन्होंने चल रहे लंगर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां लंगर चल रही है, जिसमें लाखों लोग खा रहे हैं.

'वाहे गुरुजी की खालसा, वाहे गुरुजी की फतेह' जैसे नारों के बीच अपने संबोधन में नीतीश ने राजगीर को सभी धर्मो की आस्था का केंद्र बताते हुए कहा, "राजगीर से गुरुनानक देव जी महाराज का जो संबंध रहा है, इसे मीडिया को प्रमुखता से दिखाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके." 

उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी का मानना था कि समाज में एकता, भाईचारा, प्रेम, समानता और आध्यात्मिक ज्योति का संदेश देना चाहिए. मान्यता है कि मलमास मास में हिंदू धर्म के 33 करोड़ देवी-देवता राजगीर में ही निवास करते हैं. यहां के पंच पहाड़ी पर अनेक जैन मंदिर भी हैं. ज्ञान प्राप्ति से पहले और ज्ञान प्राप्ति के बाद महात्मा बुद्ध भी यहां आए थे. मकदूम साहब भी राजगीर आए थे, इसलिए राजगीर सभी धर्मो की धरती है. 

इस मौके गुरुनानक निष्काम सेवा समिति के बाबा महिंदर सिंह के द्वारा मुख्य मंत्री को शाल और गुरुनानक देव की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया. इस मौके पर  मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री और विधायक भी मौजूद थे.

समापन के  दिन 50 हजार से भी अधिक सिख श्रद्धालुओ ने गुरुनानक कुंड में मत्था टेका. इस प्रकाश पर्व में अमेरिका, थाईलैंड,यूके,इंग्लैंड ,ऑस्ट्रेलिया, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली ,मुंबई पुणे समेत कई देसी विदेशी सिख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. समारोह के अंत में सीएम ने टेंट सिटी के लंगर में सिख श्रद्धालुओं के साथ खाना खाया.