सुशील मोदी ने दी नए मंत्रियों को बधाई, कहा-रखा गया सभी वर्गों का ख्याल
Advertisement

सुशील मोदी ने दी नए मंत्रियों को बधाई, कहा-रखा गया सभी वर्गों का ख्याल

Bihar News In Hindi: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए इसमें 21 नये मंत्रियों को शामिल किया है. इसके साथ ही बिहार मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या अब 30 हो गई है जो राज्य के लिए संवैधानिक सीमा से केवल छह कम है.

सुशील मोदी (फाइल फोटो)

पटना: Bihar News In Hindi: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए इसमें 21 नये मंत्रियों को शामिल किया है. इसके साथ ही बिहार मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या अब 30 हो गई है जो राज्य के लिए संवैधानिक सीमा से केवल छह कम है. पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंत्रिमंडल विस्तार का स्वागत किया और भाजपा-जदयू कोटे से मंत्री बनने वाले सभी विधायकों को बधाई दी. 

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है, इसलिए यह एक संतुलित मंत्रिमंडल है. इसमें जहाँ प्रशासनिक अनुभव रखने वाले लोग हैं, वहीं कुछ विधायकों को पहली बार मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया गया है.

सुशील कुमार मोदी ने कहा कि तीन महिलाओं को मंत्री बना कर मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण का ध्यान रखा है. उन्होंने आशा व्यक्त की सभी मंत्री नये उत्साह के साथ अपने-अपने विभाग में जनहित के काम तेजी से निपटाएँगे.

बता दें कि राजभवन में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) नौ और उसके सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12 सदस्यों को राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने पद की शपथ दिलाई. समारोह में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री-सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे. जद (यू) की ओर से मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले प्रमुख चहरों में शीला मंडल, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईपीएस) के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी सुनील कुमार, जमा खान, जयंत राज, लेशी सिंह, मदन सहनी, अशोक चौधरी, महेश्वर हजारी और रत्नेश सदा शामिल हैं. 

महेश्वर हजारी को छोड़कर जद (यू) की ओर से शपथ लेने वाले सभी विधायक पूर्ववर्ती महागठबंधन सरकार में भी मंत्री पद संभाल रहे थे. भाजपा ने मंत्रिमंडल विस्तार में अपने पुराने अनुभवी नेताओं और कुछ नये चेहरों पर भरोसा किया है. भाजपा की ओर से मंत्री पद की शपथ लेने वालों में रेणु देवी भी शामिल रहीं. रेणु देवी अगस्त 2022 में कुमार के राजग से गठबंधन तोड़ने से पहले तक पूर्ववर्ती सरकार में उपमुख्यमंत्री थीं. उस समय की सरकार में मंत्री रहे मंगल पांडेय, नितिन नवीन, नीरज कुमार सिंह ‘बबलू’ और जनक राम को भी आज मंत्री पद की शपथ दिलाई गई. 

भाजपा की ओर से शपथ लेने वालों में तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता जगन्नाथ मिश्र के बेटे नीतीश मिश्र भी शामिल रहे. नीतीश मिश्रा पहले जद (यू) में थे और पूर्व में नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्री भी रहे थे. इसके अलावा, भाजपा के दिलीप कुमार जयसवाल, केदार प्रसाद गुप्ता, कृष्णनंदन पासवान, सुरेंद्र मेहता और संतोष कुमार सिंह ने पहली बार राज्य मंत्रिमंडल में जगह बनाई है. 

(इनपुट आईएएनएस के साथ)

Trending news