ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का कांस्य पर कब्जा, झारखंड में जश्न, महिला हॉकी टीम पर नजरें
Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar958443

ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का कांस्य पर कब्जा, झारखंड में जश्न, महिला हॉकी टीम पर नजरें

ओलंपिक हॉकी में भारतीय टीम ने 41 साल के सूखे को समाप्त कर दिया है. भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रोमांचक मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराकर देश के लिए कांस्य पदक जीता है, इसे लेकर झारखंड में जश्न का माहौल है.

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का कांस्य पर कब्जा.

Ranchi: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने उम्मीद के मुताबिक देश को मेडल दिलाकर इतिहास रच दिया है. भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल बाद ओलंपिक में पदक हासिल किया है. जोरदार मुकाबले में भारतीय मेन्स हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीता. ओलंपिक इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का यह तीसरा कांस्य पदक है. इससे पहले भारत ने आखिरी बार मास्को ओलिंपिक 1980 में फाइनल में जगह बनायी थी. पुरुष हॉकी टीम के मेडल जीतने से देश में खुशी की लहर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए बधाई दी है. वहीं झारखंड में भी भारतीय टीम के मेडल जीतने पर काफी उत्साह है. 

सिमडेगा के हॉकी खिलाड़ियों ने ढोल नगाड़ों के साथ नाच गाकर भारतीय टीम की जीत पर खुशियां मनायी. वहीं हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि यह जीत ऐतिहासिक है और इस जीत के लिए समस्त देशवासियों को बधाई.

वहीं हॉकी ओलंपिक में इंडियन टीम की जीत की खुशी खूंटी में भी मनाई गई. यहां ढोल बजाकर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया गया.

जबकि जमशेदपुर के साकची में भी ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन ने ढोड़ नगाड़ा बजा कर लोगों के बीच मिठाई बांटी,और भारतीय हॉकी टीम कि जीत का जश्न मनाया.

वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने ओलंपिक खेल में देश को प्रतिनिधित्व कर रहे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए जमशेदपुर में साईकिल रैली निकाली. और लोगों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अपील की.

ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की जीत के बाद महिला हॉकी टीम पर उम्मीद की नजरें टिकी हुई हैं. जो कांस्य पदक के लिए ब्रिटेन से भिड़ने वाली है. भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की निक्की प्रधान और सलीमा टेटे भी शामिल है, जिसकी वजह से पूरे झारखंड की नजर 6 अगस्त के मैच पर टिकी है.

Trending news