विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल विधायक दल के नेता बने तेजस्वी यादव
Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar277223

विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल विधायक दल के नेता बने तेजस्वी यादव

लालू प्रसाद के बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद को नयी विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक दल नेता तथा राजद प्रमुख की पत्नी राबड़ी देवी को राजद विधानमंडल दल की नेता चुना गया है। हालांकि घोषणा के बाद विपक्षी पार्टी भाजपा ने इसे ‘परिवारवाद की राजनीति का खुला प्रदर्शन’ बताया है।

विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल विधायक दल के नेता बने तेजस्वी यादव

पटना : लालू प्रसाद के बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद को नयी विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक दल नेता तथा राजद प्रमुख की पत्नी राबड़ी देवी को राजद विधानमंडल दल की नेता चुना गया है। हालांकि घोषणा के बाद विपक्षी पार्टी भाजपा ने इसे ‘परिवारवाद की राजनीति का खुला प्रदर्शन’ बताया है।

लालू प्रसाद के करीबी और विधायक भोला यादव ने बताया कि पार्टी के विधायकों ने लालू यादव को निर्णय लेने के लिए पूर्व में अधिकृत किया था। उन्होंने अपने निर्णय की घोषणा आज की। तेजस्वी यादव राज्य के उप मुख्यमंत्री हैं जबकि राबड़ी देवी राज्य विधान परिषद की सदस्य हैं।

बिहार के वैशाली जिला के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित हुए तेजस्वी की यह नियुक्ति राजद प्रमुख लालू यादव द्वारा अपने छोटे बेटे को स्पष्ट रूप से अपना उत्तराधिकारी बनाए जाने के प्रयास को दर्शाती है। हाल में हुये विधानसभा चुनाव में 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में राजद ने 80 सीटों पर जीत दर्ज की है।

बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी और राबड़ी के चयन को ‘परिवारवाद की राजनीति का खुला प्रदर्शन’ बताया। प्रेम ने कहा कि 1990 से 2005 तक सभी ने राजद के 15 साल के शासनकाल के दौरान लालू प्रसाद की ‘परिवारवाद की राजनीति को देखा है। उन्होंने कहा कि लालू केवल परिवारवाद में विश्वास रखते हैं।

भाजपा द्वारा अपने चयन पर प्रश्न उठाए जाने पर तेजस्वी ने कहा कि जब जनता ने उन्हें (वे और उनके बडे भाई तेज प्रताप) को स्वीकार कर लिया और हमें चुना ऐसे में भाजपा उसमें खोट क्यों ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि वे अपनी भारी जिम्मेवारी से अवगत हैं और अपने स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।

तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को अगर हमारे प्रदर्शन में खोट नजर आता है तो उसे हमारी आलोचना करने का अधिकार है। पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने राजद दोनों नेताओं के मनोनयन को पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि नियम के अनुसार राजनेता के पुत्र की नियुक्ति पर कोई रोक नहीं है और हमें किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद 16वें बिहार विधानसभा में दूसरा स्थान प्राप्त तथा सदन में उनके बगल में बैठने वाले 26 वर्षीय तेजस्वी के पास अनुभव नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर मांझी ने कहा कि उन्हें एक-दो महीने कार्य करने दीजिए तब उसके बाद उनके बारे में निर्णय लें।

तेजस्वी को बिहार विधानसभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का कक्ष आवंटित किया गया हैं। उन्होंने आज जब अपना स्थान ग्रहण किया तो उनके कक्ष में राजद के विश्वस्त माने जाने वाले विधायक भोला यादव सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता बैठे दिखे।

सदन में मुख्यमंत्री के बाद दूसरा स्थान रखने वाले तेजस्वी के बगल में उनके बडे भाई तेज प्रताप यादव और उनके बगल में राजद के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के वित्त मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी के बैठने की व्यवस्था की गयी है।