Advertisement
trendingNow1/india/madhya-pradesh-chhattisgarh/madhyapradesh492773

'चॉकलेटी चेहरों' के सहारे लोकसभा चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेस: कैलाश विजयवर्गीय

बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'अगले लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारने के लिए कांग्रेस के पास मजबूत नेता नहीं हैं.'

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'अगर कांग्रेस में राहुल के नेतृत्व के प्रति आत्मविश्वास होता, तो प्रियंका को सक्रिय राजनीति में नहीं लाया जाता.'  (फाइल फोटो)
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'अगर कांग्रेस में राहुल के नेतृत्व के प्रति आत्मविश्वास होता, तो प्रियंका को सक्रिय राजनीति में नहीं लाया जाता.' (फाइल फोटो)

इंदौर: सक्रिय राजनीति में प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रवेश पर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी कांग्रेसी समकक्ष की करीना कपूर और सलमान खान जैसे फिल्मी सितारों से तुलना करते हुए शनिवार को कहा कि कांग्रेस 'चॉकलेटी चेहरों' के बूते अगला लोकसभा चुनाव लड़ना चाहती है. 

विजयवर्गीय ने कहा,'कभी कोई कांग्रेस नेता मांग करता है कि करीना कपूर को भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़वाया जाए, तो कभी इंदौर से चुनावी उम्मीदवारी को लेकर सलमान खान के नाम पर चर्चा की जाती है. इसी तरह, प्रियंका को कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में ले आया जाता है.' 

'कांग्रेस के पास मजबूत नेता नहीं हैं'
उन्होंने कहा, 'अगले लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारने के लिए कांग्रेस के पास मजबूत नेता नहीं हैं. इसलिये वह ऐसे चॉकलेटी चेहरों के माध्यम से चुनाव लड़ना चाहती है.' 

Add Zee News as a Preferred Source

पूर्वी उत्तरप्रदेश की प्रभारी कांग्रेस महासचिव के रूप में राजनीतिक मुख्यधारा में प्रियंका के प्रवेश को लेकर विजयवर्गीय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल उठाए. बीजेपी महासचिव ने कहा, 'अगर कांग्रेस में राहुल के नेतृत्व के प्रति आत्मविश्वास होता, तो प्रियंका को सक्रिय राजनीति में नहीं लाया जाता.' 

कमलनाथ सरकार पर साधा निशाना
विजयवर्गीय ने अपने गृहराज्य मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि वह आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किसानों को भरमाने के लिए कृषि ऋण माफी का नाटक कर रही है.

उन्होंने कहा, 'कमलनाथ सरकार पहले हमें यह बताये कि क्या उसके खजाने में 40,000 करोड़ रुपये हैं जिनके जरिये वह किसानों का कर्ज माफ करने की नौटंकी कर रही है.' 

विजयवर्गीय ने एक सवाल पर कहा कि अगर कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार ने शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार की कोई भी गरीब हितैषी योजना बंद करने की कोशिश की, तो बीजेपी नेता ईंट से ईंट बजा देंगे.

(इनपुट - भाषा)

TAGS

Trending news