)
Madhya Pradesh: प्यार में धोखा खाकर अफसर बनने की कहानियां तो बहुत सुनी होंगी आपने, लेकिन अब कुछ हटकर मामला सामने आया है. मध्य प्रदेश में राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में एक शख्स ने प्यार में धोखा खा कर चाय की दुकान खोल ली है. इस शख्स ने अपनी दुकान का नाम 'M बेवफा चाय वाला' रखा है. कई लोगों को यह नाम अटपटा लग रहा होगा. लेकिन इसके पीछे एक धोखा खाए आशिक का दर्द छिपा हुआ है. दुकानदार का कहना है कि उसे प्यार में दगा मिली है. इसलिए उसने अपनी पूर्व प्रेमिका को चिढ़ाने और लोगों को आकर्शित करने के लिए यह नाम रख लिया है.
दुकान के नाम की तरह चाय की कीमत भी काफी दिलचस्प है. इस दुकान पर अगर कोई जोड़ा चाय पीने के लिए आता है तो उसे एक चाय की कीमत 10 रुपये अदा करनी होती है. वहीं अगर कोई प्यार में चोट खाया आदमी पहुंचता है तो उसके वही चाय पांच रुपये में मिलती है.
इस दुकान को खोलने वाले शख्स का नाम अंतर गुर्जर है. अंतर गुर्जर ने बताया कि 5 साल पहले एक शादी में उसकी मुलाकात एक लड़की से हुई. दोनों में दोस्ती हो गई. जिसके बाद दोनों के बीच नंबर एक्सचेंज हो गया और दोनों के बीच खूब बातचीत होने लगी. यह सिलसिला करीब डेढ़ साल चला, और फिर दोनों अलग हो गए. अंतर कहते हैं कि हमारी शादी में कोई दिक्कत नहीं होने वाली थी, क्योंकि दोनों एक ही समाज के थे. लेकिन उनकी प्रेमिका की कहीं और सगाई हो गई और लड़की ने शादी से इनकार कर दिया. लड़की ने कहा कि जिससे मेरी शादी हो रही है वह अच्छा कमाता है, तुम्हारे पास क्या है.
लड़की के जाने के बाद अंतर काफी दुखी हो गए. वह पूरे दिन उदास रहने लगा. जिसके बाद उसने कुछ बड़ा करने की ठानी, और चाय की दुकान खोल ली. हालांकि अंतर ने दुकान खोलकर एक तरह से अपने प्रेमिका की ख्वाहिश पूरी की है. लड़की ख्वाहिश थी कि जब भी वह दुकान खोले तो उसके नाम पर ही दुकान का नाम रखे. इसलिए दुकान के नाम का पहला अक्षर 'M' पूर्व प्रेमिका के नाम को दर्शाता है.