)
Vadodra School wall collapse: वडोदरा के वाघोडिया रोड पर गुरुकुल चौराहे के पास ट्रस्ट के जरिए चलाया जा रहा है श्री नारायण विद्यालय की दीवार ढह गई. यह हादसा पहली मंजिल पर ब्रेक के दौरान हुआ, जिसमें 6 बच्चे घायल हो गए हैं. इस घटना से अभिभावकों में दहशत फैल गई, और वह अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए हैं.
प्राथमिक उपचार और तीन टांके लगाने के बाद घायल छात्र की हालत स्थिर बताई गई है. यह घटना लंच ब्रेक के समय घटी है, दीवार गिरने के समय अधिकांश छात्र कक्षा से बाहर थे. जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
मलबे में छात्रों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कक्षा के नीचे खड़ी कुछ साइकिलें ही क्षतिग्रस्त हुई हैं.
प्राइमरी सेक्शन के एक सीनियर टीचर रूपल शाह ने बताया कि जब वे दूसरे कर्मचारियों के साथ कार्यालय में थें, तो उन्हें एक आवाज़ सुनाई दी, जिसके बाद उन्हें इमारत खाली करनी पड़ी.
स्कूल के एक ट्रस्टी ने दावा किया कि 2001 में बनी इमारत खराब कंडीशन में नहीं थी. एक अन्य स्टाफ सदस्य ने यह भी बताया कि स्कूल के पास बिल्डिंग परमिशन और संरचनात्मक स्थिरता प्रमाणपत्र सहित सभी जरूरी प्रमाणपत्र मौजूद थे.
हालांकि, पड़ोसियों ने शिकायत की कि स्कूल की इमारत को मरम्मत की जरूरत है. एक पड़ोसी ने मीडियाकर्मियों को बताया, "इमारत में कुछ दरारें थीं, जिसके बाद हमने स्कूल के अधिकारियों से आवश्यक मरम्मत करने के लिए कहा था. लेकिन पूरी तरह से मरम्मत कार्य करने के बजाय, उन्होंने केवल सतह पर कुछ प्लास्टर लगाया और इमारत को रंग दिया." पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे मामले की आगे जांच करेंगे।