मनोज तिवारी को दिल्‍ली बीजेपी की कमान, नित्‍यानंद राय बने बिहार भाजपा के अध्‍यक्ष
Advertisement
trendingNow1310998

मनोज तिवारी को दिल्‍ली बीजेपी की कमान, नित्‍यानंद राय बने बिहार भाजपा के अध्‍यक्ष

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांसद मनोज तिवारी और नित्यानंद राय को क्रमश: दिल्ली और बिहार इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा बुधवार को की गई। जानकारी के अनुसार, सतीश उपाध्‍याय की जगह मनोज तिवारी को दिल्‍ली बीजेपी की कमान सौंपी गई है। वहीं, नित्‍यानंद राय अब बिहार बीजेपी के नए अध्‍यक्ष होंगे।

मनोज तिवारी को दिल्‍ली बीजेपी की कमान, नित्‍यानंद राय बने बिहार भाजपा के अध्‍यक्ष

नई दिल्‍ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांसद मनोज तिवारी और नित्यानंद राय को क्रमश: दिल्ली और बिहार इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा बुधवार को की गई। जानकारी के अनुसार, भाजपा सांसद मनोज तिवारी को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया और नित्यानंद राय बिहार इकाई के अध्यक्ष बनाए गए हैं। तिवारी ने सतीश उपाध्याय की जगह ली है और राय ने मंगल पांडे की जगह ली है। पूर्व अध्यक्षों का कार्यालय बहुत पहले ही समाप्त हो चुका था और बीते कई महीनों से नई नियुक्तियां लंबित थीं।

बता दें कि भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी को दिल्ली में खासी पैठ रखने वाले पूर्वांचली मतदाताओं के बीच काफी लोकप्रियता हासिल है। अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में अब बड़ा राजनीतिक बदलाव किया है और मनोज तिवारी को कमान सौंपी है। लोकसभा चुनाव में जीत के रूप में प्रारंभिक सफलता ने उन्हें भाजपा की दिल्ली की राजनीति का एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया था। बताया जा रहा है कि मनोज तिवारी के नाम पर सहमति तीनों एमसीडी के 13 वॉर्डों में हुए उपचुनावों से पहले ही बन गई थी, लेकिन बीच में उप चुनावों की वजह से प्रदेश अध्यक्ष को बदलने के मसले को कुछ समय के लिए टाल दिया गया था। अब जाकर इसका ऐलान हुआ है।

नित्‍यानंद राय, यादव समुदाय से आते हैं। यह वही समुदाय है जिस पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की अच्छी पकड़ है। उनकी नियुक्ति को सवर्णों से इतर समुदायों के बीच पैठ बनाने के भाजपा के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर इसे जातियों के प्रति संवेदनशील राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग को लुभाने की कोशिश माना जा सकता है जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जदयू और राजद के गठजोड़ ने करारी शिकस्त दी थी।

बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार झेलने के एक साल बाद बिहार भाजपा में बड़ा बदलाव हुआ है। बिहार बीजेपी के अध्यक्ष को बदला गया है। वर्तमान अध्यक्ष मंगल पाण्डेय को हटा दिया गया है और उनकी जगह नित्यानंद राय को अध्यक्ष बनाया गया है। 2014 की लोकसभा चुनाव में बिहार के उजियारपुर से नित्यानंद राय ने चुनाव जीता है। नित्यानंद राय का पैतृक घर हाजीपुर सदर प्रखंड के कर्णपुरा में स्थित है। इससे पहले वह कई बार हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बिहार प्रदेश भाजपा ने नित्यानंद राय का कद ऊंचा बताया जाता है। हाईकमान ने ईमानदार छवि और लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने के चलते युवा नेता नित्यानंद पर भरोसा जताया है। नित्यानंद ने राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन से ही एबीवीपी के साथ की थी।

Trending news