Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar506226

महागठबंधन के जीतने पर राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार के तौर पर करूंगा समर्थनः मांझी

 जीतन राम मांझी ने राहुल गांधी को अपना पीएम उम्मीदवार बताया है. 

जीतनराम मांझी राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार के तौर पर समर्थन देंगे. (फाइल फोटो)
जीतनराम मांझी राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार के तौर पर समर्थन देंगे. (फाइल फोटो)

पटनाः बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) सेक्युलर के प्रमुख जीतन राम मांझी ने राहुल गांधी को अपना पीएम उम्मीदवार बताया है. उन्होंने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद विपक्ष के महागठबंधन को बहुमत मिलने की स्थिति में वह व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री पद के लिये राहुल गांधी की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं. महागठबंधन की जीत होगी तो राहुल ही प्रधानमंत्री बनेंगे.

मांझी ने उन खबरों को खारिज किया कि महागठबंधन में बिहार की कुल 40 सीटों के बंटवारे में उनकी पार्टी को सिर्फ एक या दो सीटें ही मिलेंगी.

सीट बंटवारे के मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिये महागठबंधन के घटक दलों के बीच नई दिल्ली में बैठक हो रही है. बैठक में शामिल होने के लिये नई दिल्ली रवाना होने से पहले मांझी ने कहा, लोकसभा चुनाव से पहले ही एनडीए यह घोषणा कर चुका है कि नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री पद का चेहरा होंगे और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जायेगा. 

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने कहा कि महागठबंधन में ऐसे किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है क्योंकि, आम सहमति यही बनी है कि चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का चयन होना चाहिए. जहां तक उनका अपना व्यक्तिगत मामला है तो चुनाव बाद महागठबंधन की सरकार बनने पर वह प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर राहुल गांधी का समर्थन करेंगे.

मांझी ने कहा महागठबंधन के घटक दलों की बैठक होने जा रही है, साथ बैठेंगे तो सीटों के बारे में विचार-विमर्श होगा, साथ ही यह भी जानने का प्रयास होगा कि कहां से कौन-कौन उम्मीदवार होगा और चाहे वह किसी भी घटक दल से हो, आपसी विचार-विमर्श के बाद ही उम्मीदवारों का नाम तय किया जाएगा.

ऐसी खबरें हैं कि महागठबंधन में शामिल आरजेडी बिहार में 18 सीटों, कांग्रेस 13, रालोसपा तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी और मुकेश सहनी के दल वीआईपी को दो सीटें तथा हम सेक्युलर को एक सीट दी जायेगी. इस बारे में पूछे जाने पर मांझी ने कहा कि इसका वास्तविकता से कोई सरोकार नहीं है. इस बारे में अब 14 मार्च को पता चलेगा.

वहीं, एक सीट की बात पर मांझी ने कहा कि अगर ऐसी स्थिति आती है तो वह चुनाव नहीं लड़ेगे. हालांकि उन्होंने कहा कि वह महागठबंधन को किसी भी हाल में सपोर्ट करेंगे. उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस को छोड़कर महागठबंधन के अन्य घटक दलों से हमें एक सीट अधिक मिलनी चाहिए क्योंकि हम महागठबंधन के पुराने साथी हैं.

TAGS