Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar493519

जब लालकृष्ण आडवाणी ने कहा था, 'जॉर्ज फर्नांडिस जैसे बागी नेताओं की हमेशा जरूरत होती है'

जार्ज फर्नांडिस के जन्मदिन पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर आडवाणी ने उन्हें एक शानदार व्यक्ति बताया था. 

जॉर्ज फर्नांडिस का निधन. (फाइल फोटो)
जॉर्ज फर्नांडिस का निधन. (फाइल फोटो)

नई दिल्ली : अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्री रहे प्रखार समाजवादी नेता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संयोजक जॉर्ज फर्नांडिस का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वह लंबे समय से अल्जाइमर से ग्रसित थे. उनके 88वें जन्मदिन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने उन्हें बागी नेता करार देते हुए कहा था कि ऐसे लोगों की सदैव जरूरत होती है. 

आडवाणी ने कहा था, 'नई पीढ़ी के लोगों को शायद ही समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस याद होंगे. वही जॉर्ज फर्नांडिस जिनकी एक आवाज पर हजारों गरीब-गुरुबा एकत्र हो जाते थे. इमरजेंसी के दौरान जॉर्ज ने इंदिरा गांधी और संजय गांधी के नाक में दम कर रखा था.' लालकृष्ण आडवाणी ने कहा था कि जॉर्ज फर्नांडिस जैसे 'बागी नेताओं' की जरूरत हमेशा रहती है, क्योंकि कोई भी देश उनके बिना प्रगति नहीं कर सकता. 

वाजपेयी सरकार में रक्षामंत्री रहे जॉर्ज फर्नांडिस का लंबी बीमारी के बाद निधन

Add Zee News as a Preferred Source

जार्ज फर्नांडिस के जन्मदिन पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर आडवाणी ने उन्हें एक शानदार व्यक्ति बताया था. आडवाणी ने कहा था, 'मैं कई वर्षों तक संसद में उनके साथ रहा. वह शानदार व्यक्ति हैं. बागी नेताओं की हमेशा जरूरत होती है. उनके बिना कुछ नहीं होता.' उन्होंने कहा, 'अगर कोई बागी नहीं होता तो देश को आजादी नहीं मिली होती. जॉर्ज जैसे बागी नेताओं को आते रहना चाहिए ताकि देश प्रगति और विकास कर सके.'

मजदूरों की हड़ताल कराकर मुंबईकरों को परेशान करते थे जॉर्ज फर्नांडिस : शिवसेना

जानें जॉर्ज फर्नांडिस की 5 बातें:

1. भारतीय संसद की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार इनका जन्म  मैंगलोर में 3 जून 1930 को हुआ.

2. जॉर्ज फर्नांडिस 10 भाषाओं के जानकार थे. हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, मराठी, कन्नड़, उर्दू, मलयाली, तुलु, कोंकणी और लैटिन भाषा में उन्हें महारथ हासिल थी. उनकी मां किंग जॉर्ज फिफ्थ की बड़ी प्रशंसक थीं. उन्हीं के नाम पर अपने छह बच्चों में से सबसे बड़े का नाम उन्होंने जॉर्ज रखा था.

3. मंगलौर में पले-बढ़े फर्नांडिस जब 16 साल के हुए तो एक क्रिश्चियन मिशनरी में पादरी बनने की शिक्षा लेने भेजे गए. पर चर्च में पाखंड देखकर उनका उससे मोहभंग हो गया. उन्होंने 18 साल की उम्र में चर्च छोड़ दिया और रोजगार की तलाश में बंबई चले गए.

4. जॉर्ज खुद बताते हैं कि इस दौरान वे चौपाटी की बेंच पर सोया करते थे और लगातार सोशलिस्ट पार्टी और ट्रेड यूनियन आंदोलन के कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे. फर्नांडिस की शुरुआती छवि एक जबरदस्त विद्रोही की थी. उस वक्त मुखर वक्ता राम मनोहर लोहिया, फर्नांडिस की प्रेरणा थे.

5. 1950 आते-आते वे टैक्सी ड्राइवर यूनियन के बेताज बादशाह बन गए. बिखरे बाल, और पतले चेहरे वाले फर्नांडिस, तुड़े-मुड़े खादी के कुर्ते-पायजामे, घिसी हुई चप्पलों और चश्मे में खांटी एक्टिविस्ट लगा करते थे. कुछ लोग तभी से उन्हें ‘अनथक विद्रोही’ (रिबेल विद्आउट ए पॉज़) कहने लगे थे. जंजीरों में जकड़ा उनकी एक तस्वीर इमरजेंसी की पूरी कहानी बयां करती है.

TAGS