झारखंड: घर लौटने पर सलीमा व निक्की का जोरदार स्वागत, रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे खेल मंत्री
Advertisement

झारखंड: घर लौटने पर सलीमा व निक्की का जोरदार स्वागत, रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे खेल मंत्री

ओलंपिक से लौटने के बाद झारखंड की बेटी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे आज प्रदेश वापस लौटी हैं. झारखंड लौटी बेटियों के सम्मान में झारखंड के खेल मंत्री हाफिजूल हसन और खेल संघ के सदस्य खुद एयरपोर्ट उनके स्वागत में पहुंचे. 

निक्की प्रधान और सलीमा टेटे आज प्रदेश वापस लौटी  (फाइल फोटो)

Ranchi: टोक्यो ओलंपिक में झारखंड की महिला हॉकी खिलाड़ी (Hockey Player) सलीमा टेटे (Salima Tete) और निक्की प्रधान (Nikki Pradhan) ने देश का नाम रोशन किया है. झारखंड की इन दोनों बेटियों ने अपनी हॉकी टीम के साथ मिलकर 41 साल बाद इतिहास रच दिया. सेमीफाइनल में पहुंच कर उन्होंने देश का नाम गौरवान्वित कर दिया है.

ओलंपिक से लौटने के बाद झारखंड की बेटी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे आज प्रदेश वापस लौटी हैं. झारखंड लौटी बेटियों के सम्मान में झारखंड के खेल मंत्री हाफिजूल हसन और खेल संघ के सदस्य खुद एयरपोर्ट उनके स्वागत में पहुंचे. यही नहीं काफी संख्या में खेल प्रेमी भी ढोल नगाड़ा के साथ भव्य स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हॉकी में देश का नाम रोशन करने वाली दोनों खिलाड़ियों को प्रोजेक्ट भवन में 50-50 लाख चेक, एक-एक स्कूटी, लैपटॉप व स्मार्ट फोन देकर सम्मानित किया. इस कार्यक्रम के दौरान टोक्यो ओलंपिक में खेलने वाली खिलाड़ी सलीमा टेटे व निक्की प्रधान के माता-पिता भी शामिल हुए.

हॉकी के अलावा, तीरन्दाजी में भी प्रदेश की बेटी दीपिका कुमारी ने अच्छा प्रदर्शन दिखाया है. इस कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाली राज्य की बेटियों को ढेर सारी शुभकामनाएं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेल के लिए कई सारे अहम कदम उठाए हैं.  इसी का परिणाम है कि राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ी काफी नाम कर रहे हैं.  

सीएम हेमंत ने कहा कि निक्की प्रधान और सलीमा टेटे ने जो शानदार प्रदर्शन ओलंपिक के दौरान किया है, वह वाकई काबिले तारीफ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को भले गोल्ड मेडल नहीं मिला हो लेकिन जो खिलाड़ी सीमित संसाधन में यहां तक पहुंची और जिस मेहनत के साथ अपना स्थान बना पाई है. इससे राज्य वसियों का सीना चौड़ा होता है.  

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश में कई स्पोर्ट्स सेंटर खोला जायेगा, जहां बच्चों को फ्री में ट्रेनिंग दिया जायेगा.  मुख्यमंत्री ने दोनों हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को हॉकी स्टिक दिए और उसमें शुभकामना संदेश भी लिख कर दिये और साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने अपना ऑटोग्राफ मुख्यमंत्री को दिया है. सीएम ने कहा कि हॉकी व तीरन्दाजी में प्रदेश की बेटियों ने मील का पत्थर साबित किया है. 

(इनपुट- अभिषेक भगत)

Trending news