जनजातीय गौरव दिवस: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिरसा मुंडा के पैतृक गांव में आयोजीत कार्यक्रम में होगी शामिल
Advertisement

जनजातीय गौरव दिवस: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिरसा मुंडा के पैतृक गांव में आयोजीत कार्यक्रम में होगी शामिल

15 नवंबर को बिरसा मुंडा के जन्मदिन के मौके पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाए जाने की तैयारी चल रही है. इसका उद्देश्य देश में आदिवासी इतिहास का जश्न मनाना है.

 (फाइल फोटो)

Ranchi: 15 नवंबर को बिरसा मुंडा के जन्मदिन के मौके पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाए जाने की तैयारी चल रही है. इसका उद्देश्य देश में आदिवासी इतिहास का जश्न मनाना है. इस खास दिन को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जन्मस्थली झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातू गांव में 15 नवंबर को दूसरे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के मौके पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगी. 

अर्जुन मुंडा ने दी जानकारी

जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर, मंत्रालय ने झारखंड सरकार के साथ समन्वय में राष्ट्रपति की उपस्थिति में खूंटी में एक व्यापक कार्यक्रम की योजना बनाई है. उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ संसद परिसर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकारों और आदिवासी अनुसंधान संस्थानों के समन्वय से देशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, निबंध, गीत, नृत्य, खेल और चित्रकला प्रतियोगिताओं की भी योजना बनाई गई है. 

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शनिवार को कहा कि  सरकार ने पिछले साल आदिवासी नेता की जयंती के मौके और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने के लिए 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में घोषित किया था. 

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि हम इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट के जरिए पूरे देश में जरिए जगह-जगह झांकी, नृत्य का कार्यक्रम का आयोजन हो. भारत सरकार ने भी राज्य सरकारों, सामाजिक संस्थाओं और मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वो इस दिन बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों का आयोजन करें. इस दिन लोगों को ज्यादा से ज्यादा जानकारी देने के लिए  हैशटैग #JanjatiyaGauravDivas का इस्तेमाल किया जाएगा. 

(इनपुट: भाषा के साथ)

 

Trending news