मप्र: भाजपा को एक और झटका, पूर्व विधायक पुष्पराज सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की
Advertisement

मप्र: भाजपा को एक और झटका, पूर्व विधायक पुष्पराज सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की

रीवा के पूर्व विधायक पुष्पराज सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली.

(फोटो साभार- @INCMP)

नई दिल्‍ली: मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक और झटका लगा है. रीवा के पूर्व विधायक पुष्पराज सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में शुक्रवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली. राहुल गांधी मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं. शुक्रवार को रीवा में पुष्पराज सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात की और कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया. 

पुष्पराज भाजपा के पूर्व विधायक हैं. उनके बेटे दिव्यराज सिंह रीवा जिले की सिरमौर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं.  भाजपा के लिए यह दूसरा बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले कटनी जिले की पद्मा शुक्ला ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी. 

MP: पार्टी छोड़ने के बाद बीजेपी नेता पद्मा शुक्ला का बड़ा बयान, बोलीं- 'संजय पाठक के साथ काम करना मुश्किल'

पद्मा वर्ष 2013 में भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर विजयराघवगढ़ से 900 वोटों से हारी थीं. पद्मा शुक्ला ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को लिखे पत्र में कहा कि मैं 1980 से भाजपा की प्राथमिक सदस्य रही हूं व पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है, मगर विजय राघवगढ़ (कटनी जिला) विधानसभा चुनाव के उपचुनाव के बाद से मेरी लगातार उपेक्षा हो रही है, उपेक्षा और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं. 

(इनपुट: IANS)

Trending news