जयपुर: प्रदेश की भाजपा सरकार ‘नाकारा’ और ‘निकम्मी’ साबित हुई - अशोक गहलोत
Advertisement

जयपुर: प्रदेश की भाजपा सरकार ‘नाकारा’ और ‘निकम्मी’ साबित हुई - अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तीन उपचुनाव में भारी वोटों से हारने के बाद भी उनका अहम अभी तक गया नहीं है. 

गहलोत ने यहां जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सोच घमंड की है.(फाइल फोटो)

जयपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनकी सरकार ‘नाकारा’ एवं ‘निकम्मी’ साबित हुई है. गहलोत ने यहां जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सोच घमंड की है. अभी तीन उपचुनाव में भारी वोटों से हारने के बाद भी उनका अहम अभी तक गया नहीं है और जनता में जब तक उनका ऐसा व्यवहार रहेगा, उतना ही आक्रोश बढ़ता जायेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे यात्रा निकालें, किसी भी प्रकार से प्रयास करें, जनता गुमराह होने वाली नहीं है. 

पिछली यात्रा में भी उन्होंने 15 लाख नौकरियां देने, महिलाओं को संरक्षण, महंगाई कम करने, किसानों का ध्यान रखने जैसे तमाम वायदे किये थे, जो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायत है कि 163 सीटें देने के बाद भी उनका कसूर क्या है? इसके बावजूद मुख्यमंत्री का जो व्यवहार रहा वो कष्टदायक है. राज्य की भाजपा सरकार की सच्चाई पूरी तरह जनता के सामने आ चुकी है. 

यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी टीम चुनने का मिले अधिकार: अशोक गहलोत

उन्होंने दावा किया कि उस समय (पिछले चुनाव में) नरेंद्र मोदी का चेहरा था, इसलिए वो कामयाब हो गयी, अब जनता उनकी असलियत समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री बीकानेर, भरतपुर, उदयपुर में 15-15 दिन के दौरे पर मंत्रिमण्डल के साथ रही. उस दौरान उन्हें मिले ज्ञापनों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, किसी को पता नहीं.  अब वे फिर दौरे पर जा रही हैं, अब जनता का इरादा क्या है, उनको पता लग जायेगा. 

इनपुट भाषा से भी 

Trending news