आगरा: कोरोना से मौतों के आंकड़े को लेकर विवादों में घिरीं प्रियंका गांधी, FIR दर्ज करने की उठी मांग
Advertisement

आगरा: कोरोना से मौतों के आंकड़े को लेकर विवादों में घिरीं प्रियंका गांधी, FIR दर्ज करने की उठी मांग

भाजपा किसान मोर्चा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ मुकदमा लिखाने के लिए थाना सदर में तहरीर दी है. भाजपा किसान मोर्चा का आरोप है कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगरा में 48 घंटों में 28 कोरोना मरीजों की मौत होने का झूठा आंकड़ा ट्विटर पर पोस्ट किया. 

प्रियंका गांधी.

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में कोरोना संक्रमण के कारण हुई मौतों के आंकड़े को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी विवादों में घिर गई हैं. आगरा के जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने प्रियंका के दावे को फर्जी बताते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है. आपको बता दें कि प्रियंका गांधी ने अपने एक ट्वीट में दावा किया था कि आगरा में 48 घंटों में 28 कोरोना मरीजों की मौत हुई है.

अब भाजपा किसान मोर्चा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ मुकदमा लिखाने के लिए थाना सदर में तहरीर दी है. भाजपा किसान मोर्चा का आरोप है कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगरा में 48 घंटों में 28 कोरोना मरीजों की मौत होने का झूठा आंकड़ा ट्विटर पर पोस्ट किया. आगरा जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने भी प्रियंका गांधी वाड्रा के इस दावे को भ्रामक बताकर उन्हें नोटिस भेजा है.

आगरा: प्रियंका गांधी के भ्रामक Tweet पर आगरा के DM ने 24 घंटे में खंडन का नोटिस दिया

प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्वीट में लिखा था, ''आगरा में 48 घंटे में भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो गई. यूपी सरकार के लिए कितनी शर्म की बात है कि इसी मॉडल का झूठा प्रचार करके सच दबाने की कोशिश की गई. सरकार की नो टेस्ट=नो कोरोना पॉलिसी पर सवाल उठे थे. लेकिन सरकार ने उसका कोई जवाब नहीं दिया. अगर यूपी सरकार सच दबाकर कोरोना मामले में इसी तरह लगातार लापरवाही करती रही तो बहुत घातक होने वाला है.''

आगरा जिलाधिकारी के नोटिस जारी करने के बाद प्रियंका गांधी ने फिर दोहराया कि आगरा में अस्पताल में भर्ती होने के 48 घंटे के अंदर 28 लोगों की मौत हुई है. उन्होंने यह भी कहा, ‘‘आगरा मॉडल का झूठ फैलाकर इन विषम परिस्थितियों में धकेलने के जिम्मेदार कौन हैं? मुख्यमंत्री जी 48 घंटे के भीतर जनता को इसका स्पष्टीकरण दें और कोविड मरीजों की स्थिति और संख्या में की जा रही हेराफेरी पर जवाबदेही बनाएं.’’

WATCH LIVE TV

Trending news