)
लखनऊ: रामनगरी अयोध्या के अंदर एक मार्ग ऐसा होगा, जो राष्ट्रीय राजमार्ग जैसा खूबसूरत और आलीशान दिखेगा. दरअसल, देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से अनुरोध किया था अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग जैसा बनाया जाए. इसको स्वीकार करते हुए नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया है कि ऐसा ही होगा. यह बात बीते शुक्रवार लखनऊ में विकास कार्यों लोकार्पण समारोह के दौरान हुई.
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शहर को 280 करोड़ के दो बड़ी परियोजनाएं दीं. समारोह के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में जिस दर से विकास हो रहा है, कुछ ही साल में लखनऊ देश के तीन बेस्ट शहरों में शामिल होने वाला है.
लखनऊ में बनेगा DRDO
इसी समारोह में राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास का ब्यौरा भी दिया. उन्होंने बताया कि लखनऊ में डीआरडीओ (Defence Research and Development Organization) के भवन का भी निर्माण किया जाएगा. इसके लिए 36 एकड़ जमीन चुनी जाएगी. राजनाथ सिंह ने यह भी बताया कि लखनऊ के लधानी ग्रुप ने हाल ही में साउथ कोरिया की एडिसन मोटर्स नाम की इलेक्ट्रिकल व्हीकल बनाने वाली कंपनी के साथ एमओयू साइन किया है. अब साउथ कोरियन कंपनी लखनऊ में 700 करोड़ रुपये इन्वेस्टमेंट से एक यूनिट डेवलप की जाएगी.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से होगा शहर का विकास
रक्षा मंत्री ने यह जानकारी भी दी कि लखनऊ से कानपुर बनने वाला 63 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे शहर के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा. यह एक्सप्रेसवे 4700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है. साथ ही, इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा. साथ ही, शहर के चारों तरफ 104 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड बनाई जा रही है. इसका काम दिसंबर 2021 तक पूरा हो जाएगा.
लखनऊ के लिए 10 और प्रोजेक्ट
लोकार्पण समारोह में राजनाथ सिंह ने परिवहन मंत्री से 10 और परियोजनाएं शुरू करने की मांग की है. इसे नितिन गडकरी ने तुरंत स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया है कि वह काम भी जल्द शुरू किए जाएंगे.
WATCH LIVE TV