नए पायलटों की कर सकते हैं भर्ती: अजित सिंह

नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने शुक्रवार को कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एयर इंडिया के हड़ताली पायलटों को बताया कि अगर वे जल्द ही अपना आंदोलन खत्म नहीं करते तो कंपनी नए पायलटों की भर्ती कर सकती है।

नई दिल्ली/मुंबई : नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने शुक्रवार को कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एयर इंडिया के हड़ताली पायलटों को बताया कि अगर वे जल्द ही अपना आंदोलन खत्म नहीं करते तो कंपनी नए पायलटों की भर्ती कर सकती है।
हड़ताल शुरू होने के बाद से पहली बार आंदोलनकारी पायलटों के एक समूह के साथ मिलने को राजी हुए सिंह ने बेबाकी के साथ उन्हें बताया कि हड़ताल के चलते जिस तरह से घाटा बढ़ रहा है उससे कंपनी के लिए जून तक सभी कर्मचारियों को बकाया वेतन का भुगतान करना मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने पायलटों को बताया कि अगर वे हड़ताल जारी रखते हैं तो हम नए पायलटों को भर्ती करने के बारे में सोच सकते हैं। सिंह का यह बयान इंडियन पायलट्स गिल्ड (आईपीजी) के पांच पायलटों के साथ डेढ़ घंटे चली बैठक के बाद आया। एयर इंडिया के सीएमडी रोहित नंदन को अंतिम क्षण बैठक में शामिल होने को कहा गया।
आईपीजी के सूत्रों ने कहा कि वे आगे की कार्रवाई के लिए विधि विशेषज्ञों से परामर्श कर रहे हैं। आईपीजी बख्रास्त किए गए 101 पायलटों की बहाली और पायलटों के करियर की प्रगति से जुड़े मुद्दों को हल करने की मांग पर अड़ा है। उधर, मुंबई में बंबई उच्च न्यायालय ने अदालत के आदेश की अवहेलना कर हड़ताल जारी रखने के लिए आईपीजी को फटकार लगाई।
यूनियन की मान्यता खत्म किए जाने के एयर इंडिया के निर्णय को चुनौती देने वाली आईपीजी की याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एस.जे. कथावाला और न्यायमूर्ति पीडी कोदे की अवकाश पीठ ने कहा कि आपको (आईपीजी) समस्या हो सकती है, लेकिन पहले आप दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करें। तब आप अपने मुद्दों को सुलझा सकते हैं। आप इस तरह से आम लोगों को परेशान नहीं कर सकते।
बैठक के दौरान, सिंह ने पायलटों को पुन: आश्वासन दिया कि अगर वे तत्काल काम पर लौट आएं तो उन्हें प्रताड़ित नहीं किया जाएगा और उनकी शिकायतों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें सरकार का रुख दोहराया कि यह एक अवैध हड़ताल है। इससे यात्रियों को भारी असुविधा हुई है और एयर इंडिया को बहुत नुकसान हुआ है, इसलिए उन्हें वापस आकर तत्काल काम शुरू करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि उन्होंने संसद में कहा था कि, हम बदले की कार्रवाई नहीं करेंगे। हम भी उनकी समस्याएं समझते हैं। बड़ी तादाद में वहां युवा हैं, वे भी चिंतित हैं। हम चाहते हैं कि वे काम पर लौटें। लेकिन इस पर निर्णय करना उन पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि पायलटों ने बिना नोटिस दिए अपनी हड़ताल शुरू कर दी और बीमार पड़ गए जबकि वे बीमार नहीं थे।(एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.