मानेसर के मारूति प्लांट में हड़ताल खत्म
Advertisement
trendingNow12674

मानेसर के मारूति प्लांट में हड़ताल खत्म

मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर संयंत्र में 14 दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार सुबह खत्म हो गई।

नई दिल्ली : मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर संयंत्र में 14 दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार सुबह खत्म हो गई। कंपनी प्रबंधन, कर्मचारी और हरियाणा सरकार के बीच एक त्रिपक्षीय समझौते के बाद यह हड़ताल खत्म की गई।

 

समझौते के मुताबिक, प्रबंधन 64 स्थायी कर्मचारियों को वापस लेने पर सहमत हो गया, लेकिन अन्य 30 कर्मचारियों को निलंबन जारी रहेगा। तीनों पक्षों में इस बात पर भी सहमति बनी कि करीब 1,200 अस्थायी कर्मचारियों को भी बहाल कर लिया जाएगा।

 

सूत्रों के मुताबिक इसके अलावा, शिकायतों के निस्तारण एवं श्रम कल्याण के लिए दो समितियों का गठन करने पर भी सहमति बनी है जिससे संयंत्र में मैत्रीपूर्ण कार्य का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। यह समझौता कई दौर की बातचीत के बाद हुआ। बुधवार से ही हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में यह बातचीत चल रही थी।

 

समझौते पर पहुंचने से पहले माना जाता है कि कंपनी प्रबंधन ने व्यक्तिगत स्तर पर उन सभी कर्मचारियों के मामलों पर विचार किया जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी।

 

सूत्रों ने कहा कि जिन कर्मचारियों के मामले में आरोप गंभीर नहीं थे, कंपनी प्रबंधन ने ऐसे कर्मचारियों को बहाल करने का निर्णय किया। समझौते के तहत 64 कर्मचारियों को नौकरी पर वापस रखा जाएगा। हालांकि, अन्य 30 कर्मचारियों के मामले में आरोप गंभीर प्रकृति के पाए गए और कंपनी उन कर्मचारियों का निलंबन बरकरार रखेगी।

 

जहां तक अस्थायी कर्मचारियों का संबंध है, मारुति सुजुकी इंडिया मानेसर संयंत्र में चल रहे विस्तार के मद्देनजर कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए उन्हें वापस नौकरी पर रखेगी।

 

मानेसर संयंत्र में करीब 1,200 अस्थायी कर्मचारियों एवं 44 स्थायी कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी 7 अक्तूबर से हड़ताल पर थे। इससे पहले 33 दिन चली हड़ताल को खत्म करने के लिए एक अक्तूबर को हुए समझौते के बाद इन कर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।

 

शुक्रवार को हुए समझौते के मुताबिक, कर्मचारियों को हड़ताल के दौरान काम नहीं करने पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, एक शिकायत निपटान समिति का गठन किया जाएगा जिसमें प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रतिनिधि होंगे।

 

सुजुकी पावरट्रेन इंडिया और सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के कर्मचारियों ने भी अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। इन कंपनियों के कर्मचारी मारुति सुजुकी इंडिया में अपने सहकर्मियों के समर्थन में 7 अक्तूबर से हड़ताल पर थे। कंपनी ने कहा कि उसने बृहस्पतिवार को अपने गुड़गांव एवं मानेसर संयंत्रों में 1,997 वाहनों का उत्पादन किया।

 

इससे पहले, मानेसर संयंत्र के कर्मचारी एक नये श्रमिक संगठन को मान्यता दिए जाने की मांग को लेकर जून में 13 दिन की हड़ताल पर चले गए थे। (एजेंसी)

Trending news