मुनाफा वसूली से सेंसेक्स लगातार सातवें दिन टूटा

वैश्विक बाजारों में तेजी लौटने के बावजूद स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट रविवार को जारी रही तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 54 अंक नीचे आ गया।

मुंबई : वैश्विक बाजारों में तेजी लौटने के बावजूद स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट रविवार को जारी रही तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 54 अंक नीचे आ गया।
साइप्रस के लिए नए ऋण पैकेज पर समझौते की खबर से स्थानीय बाजार में शुरुआत अच्छी रही। सेंसेक्स प्रारंभ में 215 अंक तक चढ गया था। पर बाद में बिकवाली से सेंसेक्स टूट गया। जबसे द्रमुक ने संप्रग सरकार से समर्थन वापस लिया है बाजार मंदड़ियों के चंगुल में पड़ गया है।
सेंसेक्स में गिरावट का आज लगातार सातवां दिन था। यह 54.18 अंक टूट कर 18,681.42 अंक पर आ गया। 26 नवंबर, 2012 के बाद यह संेसेक्स का निम्नतम स्तर है। पिछले छह कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 835 अंक से अधिक टूट चुका है।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 17.50 अंक नीचे गिर कर 5,633.85 अंक पर टिका। कारोबार के दौरान यह दिन के उच्च स्तर 5,718.40 अंक पर पहुंच गया था।
ब्रोकरों ने कहा कि जबसे द्रमुक ने संप्रग सरकार से समर्थन वापस लिया है और रिजर्व बैंक ने यह संकेत दिया है कि ब्याज दर में और कटौती की कोई गुंजाइश नहीं है, बाजार मंदड़ियों की गिरफ्त में है।
बाजार बुधवार को होली के उपलक्ष्य में, जबकि शुक्रवार को गुड फ्राइडे के उपलक्ष्य में बंद रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाजार में बिकवाली दबाव इस कदर हावी रहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी के रुख का बाजार पर कोई सकारात्मक असर नहीं पड़ा। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.