तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर- मेसी!

अर्जेंटीना के करिश्माई फुटबॉलर लियोनेल मेसी इस खेल के महान खिलाड़ियों की सूची में अपना दर्ज करा सकते हैं जबकि वर्ष 2011 के लिए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को फीफा बैलोन डि ओर ट्राफी दी जाएगी।

ज्यूरिख : अर्जेंटीना के करिश्माई फुटबॉलर लियोनेल मेसी इस खेल के महान खिलाड़ियों की सूची में अपना दर्ज करा सकते हैं जबकि वर्ष 2011 के लिए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को फीफा बैलोन डि ओर ट्राफी दी जाएगी।

 

मेसी उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। उनके अलावा बार्सिलोना के उनके साथी झावी हर्नानडेज और रीयाल मैड्रिड के क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी इस पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं। अब तक केवल फ्रांस के जिनेदिन जिदान और ब्राजील के रोनाल्डो तीन बार यह पुरस्कार हासिल कर पाये हैं। फीफा ने इसकी शुरुआत 1991 से की थी और अब इसका बैलोन डि ओर से विलय हो गया है। इस पुरस्कार को फ्रांस की फुटबॉल पत्रिका 1956 से दे रही है। फ्रांस के माइकल प्लाटिनी ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने लगातार तीन साल तक यह ट्राफी जीती। उन्होंने 1983 से 85 तक यह ट्राफी हासिल की लेकिन तब इसके लिये केवल यूरोपीय खिलाड़ियों के नाम पर विचार किया जाता था।

 

मेसी यदि तीसरी बार इसे हासिल करते हैं तो 24 साल की उम्र तक तीन पुरस्कार हासिल करना विशिष्ट उपलब्धि होगी। मेसी ने 2011 में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी अगुवाई में बार्सिलोना टीम ने चैंपियन्स लीग, स्पेनिश लीग, यूरोपीय सुपर कप ओर स्पेनिश सुपर कप जीते। मेसी ने 2010 .11 में 53 गोल किये। इसके अलावा उन्होंने कई गोल भी बनाये। उन्होंने इस सत्र में 31 गोल दागे हैं। ज्यूरिख में कल फिर से बार्सिलोना और रीयाल मैड्रिड की 2011 की प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी। सर्वश्रेष्ठ कोच की दौड़ में बार्सिलोना के पेप गार्डिलो और मैड्रिड के जोस मारिन्हो आमने सामने हैं। उनके अलावा मैनचेस्टर यूनाईटेड के कोच एलेक्स फगरुसेन भी इस दौड़ में हैं।

 

माना जा रहा है कि मैड्रिड के कोच और स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो इस समारोह में भाग नहीं लेंगे क्योंकि उन्हें मंगलवार को होने वाले एक मैच के लिये मालगा जाना है। विश्व एकादश में भी इन दोनों क्लबों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की पूरी संभावना है। इसका चयन फीफा और दुनिया भर की खिलाड़ियों की यूनियन करती है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.