'अफगानिस्तान में बड़ा खेल खेल रहा है भारत'

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भारत पर काबुल में बड़ी चाल चलने का आरोप लगाया है।


वॉशिंगटन : पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भारत पर काबुल में बड़ी चाल चलने का आरोप लगाया है।मुशर्रफ का आरोप है कि अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों के हटने के बाद भारत ने उसके सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण देने के लिए गठबंधन किया है जबकि इस्लामाबाद मुफ्त में इस तरह की सेवा देने के अपने प्रस्ताव से पीछे हट गया है।

 

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि अफगानिस्तान में प्रभाव को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा खेल शुरू हो रहा है, तो मुशर्रफ ने कहा, भारत निश्चित रूप से ऐसा कर रहा है। और दुर्भाग्य से अफगान सरकार उसके साथ चल रही है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के देश वर्ष 2014 में अमेरिकी सैनिकों के हटने के बाद पैदा शून्य को भरने का प्रयास कर रहे हैं।

 

पाकिस्तान के पूर्व सैन्य प्रमुख ने कहा कि अफगानी राष्ट्रपति हामिद करजई ने उनके सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण देने के पाकिस्तान के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह जानते हैं कि अफगानिस्तान के राजनयिक, खुफिया अधिकारी, सैन्य अधिकारी, सुरक्षाकर्मी प्रशिक्षण के लिए भारत जाते हैं।

 

मुशर्रफ ने कहा कि वह अब भी करजई पर विश्वास नहीं करते जबकि उन्होंने हाल में बयान दिया था कि अमेरिका-पाक युद्ध की स्थिति में वह पाकिस्तान का समर्थन करेंगे।  (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.