कंबोडिया-थाईलैंड मंदिर विवाद पहुंचा यूएन कोर्ट

कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहा मंदिर विवाद अब संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच चुका है जहां आज दोनों देश आमने सामने होंगे।

द हेग : कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहा मंदिर विवाद अब संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच चुका है जहां आज दोनों देश आमने सामने होंगे। इस विवाद के चलते दोनों देशों की संयुक्त सीमा पर जानलेवा संघर्ष की घटनाएं हुई हैं। द हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत एक सप्ताह तक मामले की सुनवाई करेगी। फैसला सितंबर से पहले आने की उम्मीद नहीं है।
नोमपेन्ह ने दो साल पहले प्रेह विहेयर मंदिर पर 1962 में दी गई व्यवस्था की व्याख्या करने को कहा था। यह मंदिर यूनेस्को का विश्व धरोहर स्थल है। थाईलैंड हालांकि मंदिर पर कंबोडिया के स्वामित्व को लेकर कोई विवाद नहीं उठाता। लेकिन मंदिर से लगे 4.6 वर्ग किमी के भूखंड पर दोनों देश दावा करते हैं।
फरवरी 2011 में मंदिर स्थल पर हुए संघर्ष में 10 लोगों की जान गई थी और अप्रैल 2011 में ताजा संघर्ष में 18 व्यक्ति मारे गए थे। तब आईसीजे ने व्यवस्था दी थी कि दोनों देशों को 900 साल पुराने खमेर मंदिर से अपनी अपनी सेनाएं वापस बुला लेना चाहिए। इस मंदिर में कंबोडिया के बजाय थाईलैंड वाले हिस्से से जाना अधिक आसान है। जुलाई 2012 में दोनों देशों ने अपने सैकड़ों सैनिक विवादित सीमाई इलाके से वापस बुला लिए और उनकी जगह पुलिस तथा सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिये गए। तब से स्थिति शांत है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.