वॉशिंगटन में विरोध-प्रदर्शन जारी

वॉशिंगटन में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने रैली निकाल कर इस बात पर अपना गुस्सा जाहिर किया कि अमेरिकी सरकार अमीर निकायों को तो आर्थिक रियायतें दे रही है.

वॉशिंगटन : वॉशिंगटन में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने रैली निकाल कर इस बात पर अपना गुस्सा जाहिर किया कि अमेरिकी सरकार अमीर निकायों को तो आर्थिक रियायतें दे रही है लेकिन देश के आम नागरिकों की उपेक्षा कर रही है, जिन्हें गहरे वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।

 

‘ऑक्यूपाई डीसी’ नामक यह आंदोलन करीब एक सप्ताह पहले शुरू हुआ था। आंदोलनकारी के. स्ट्रीट स्थित मैक्फर्सन चौक पर अस्थायी मुख्यालय बना कर वहां ठहरे हुए हैं। आंदोलन के तेज होने के आसार हैं क्योंकि देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आंदोलन से जुड़ने के लिए राजधानी आ रहे हैं। कल, 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस के समीप स्थित फ्रीडम प्लाज़ा तक जुलूस निकाला। एक अन्य प्रदर्शन उत्तर पश्चिमी वॉशिंगटन में हुआ जहां करीब 200 प्रदर्शनकारी मैल्कम एक्स पार्क तक गए।

 

पेन्सिलवानिया की एक शिक्षिका लैना फेरी ने कहा कि देश में ऐसे लोगों की संख्या कम नहीं है जो अपने बच्चों को पढ़ाने का और एक शिक्षित समाज में रहने का खर्च नहीं उठा सकते। मैं तीसरी दुनिया के देश में नहीं रहना चाहती। लैना ने कहा कि हमें बड़े निकायों की जरूरत नहीं है। हम सिर्फ रोजगार चाहते हैं। लेकिन सरकार को एक्सोन और वाल स्ट्रीट की फिक्र है।

(एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.
Tags: