गृह मंत्री ने दिल्ली में सुरक्षा की जांच-परख की

दिल्ली गैंगरेप की वारदात के मद्देनजर सरकार ने आज राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि वह जनता की सुरक्षा विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा कड़ी करे।

नई दिल्ली : दिल्ली गैंगरेप की वारदात के मद्देनजर सरकार ने आज राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि वह जनता की सुरक्षा विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा कड़ी करे और लंबित आपराधिक मामलों की कार्यवाही तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश करे।
दिल्ली के उप राज्यपाल तेजेन्दर खन्ना, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और पुलिस आयुक्त नीरज कुमार के साथ अलग-अलग बैठकों में गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने पुलिस के कामकाज के अलावा सुरक्षा हालात की समीक्षा की। शिन्दे ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘हमने दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की है। आम आदमी और महिलाओं की सुरक्षा हमारी मुख्य चिन्ता है। मैंने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह लंबित आपराधिक मामलों को तेजी से आगे बढ़ाये।’
शिन्दे ने कहा कि दिल्ली में सुरक्षा सुधारने के लिए कई फैसले किए गए हैं, जिनका ऐलान कल किया जाएगा। गृह मंत्रालय ने पुलिस को निर्देश दिया है कि महिलाओं द्वारा दर्ज करायी गयी किसी भी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की जाए। जो पुलिस अधिकारी ऐसा करने में विफल रहते हैं, उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि उन्होंने गृह मंत्री के साथ चर्चा की है कि दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कैसे सुधारी जाए। विशेषकर सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा कैसे सुधारी जाए, इस बारे में बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री से कहा है कि केन्द्र को कुछ कदम उठाने चाहिए ताकि जनता राजधानी में सुरक्षित महसूस कर सके। उन्होंने कहा कि जनता निर्वाचित सरकार से कार्रवाई चाहती है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.