पाक सेना की कार्रवाई अत्‍याधिक उकसाने वाली: रक्षा मंत्री एके एंटनी

जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात दो भारतीय जवानों की पाक सैनिकों द्वारा गला रेतकर हत्या किए जाने की घटना के बाद रक्षा मंत्री एके एंटनी ने बुधवार को कहा कि पाकिस्‍तान की यह कार्रवाई काफी उकसाने वाली है।

ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी
नई दिल्‍ली/जम्‍मू: जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात दो भारतीय जवानों की पाक सैनिकों द्वारा गला रेतकर हत्या किए जाने की घटना के बाद रक्षा मंत्री एके एंटनी ने बुधवार को कहा कि पाकिस्‍तान की यह कार्रवाई अत्‍यधिक उकसाने वाली है। हम पाक सेना की इस बर्बर घटना पर पाकिस्‍तान से विरोध दर्ज करवाएंगे।
एंटनी ने पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि भारतीय सैनिकों के साथ यह बर्ताव अमानवीय है। पाक सैनिकों ने अमानवीय व्‍यवहार किया है। सरकार इस पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। भारत इस हमले के खिलाफ पाकिस्तान सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएगा। साथ ही डीजीएमओ (सैन्य अभियानों के महानिदेशक) इस मामले को अपने पाकिस्तानी समकक्ष के समक्ष उठाएंगे।
एंटनी ने कहा कि पाकिस्तानी जवानों ने भारतीय सैनिकों के शवों को जिस तरह क्षत-विक्षत किया वह 'अमानवीय' था। उन्होंने कहा कि भारत सीमावर्ती जिले पुंछ में हुई इन नृशंस हत्याओं पर पाकिस्तान के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएगा।

भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, बलूच रेजीमेंट के पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को घने कोहरे का फायदा उठाते हुए जम्मू एवं कश्मीर में घुसपैठ कर दो भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी और तीसरे को घायल कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, भारत के डीजीएमओ इस घटना पर पाक के डीजीएमओ से बात करेंगे। फायरिंग का शक 29 पाक बलूच रेजिमेंट पर है।
गौर हो कि पाकिस्तानी सैनिक युद्धविराम का उल्लंघन कर मंगलवार को भारतीय सीमा में घुस आए और जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात दो भारतीय जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी तथा एक के शव को क्षत-विक्षत कर दिया।
उधर, बीजेपी ने कहा कि हम भारतीय सैनिकों के साथ बर्बरता की निंदा करते हैं। भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा कि ये हमला भारत के लिए बड़ी चेतावनी है। भारतीय सैनिकों पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया।
वहीं, केंद्र सरकार ने इस कार्रवाई को भड़काने वाला करार देते हुए इसकी निंदा की है। इस हमले में 29 बलूच रेजीमेंट के शामिल होने का अंदेशा है। पाकिस्तानी सैनिक घने कोहरे का फायदा उठाते हुए सीमा पर लगे कंटीले तारों को काटकर समीवर्ती पुंछ जिले के सोना गली इलाके में बनी भारतीय चौकी पर पहुंच गए। इस कार्रवाई को भड़काने वाला करार देते हुए केंद्र सरकार ने इसकी निंदा की है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कर की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों देशों के सैन्य अभियान के महानिदेशक (डीजीएमओ) इसे लेकर बातचीत कर रहे हैं।
कहा गया है कि सरकार इस मुद्दे को पाकिस्तान सरकार के समक्ष रखेगी। सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस्लामाबाद युद्धविराम समझौते का सम्मान करेगा। इससे पहले रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न् 11.30 बजे हुई। पाकिस्तानी सैनिकों ने दो भरतीय जवानों की हत्या कर दी और उनमें से एक के शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि जवान के शव के साथ की गई क्रूरता की हम कड़ा निंदा करते हैं। पाकिस्तान ने दो भारतीय जवानों की हत्या की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है, लेकिन भारतीय अधिकारियों ने इसे झूठ करार देते हुए उसके दावे को खारिज कर दिया।
सेना के सूत्रों ने कहा कि छापेमारी करने आए पाकिस्तानी सैनिक शहीद हुए भारतीय जवानों के हथियार भी उठा ले गए। शहीद हुए सुधाकर सिंह और हेमराज 13वीं राजपुताना राइफल्स से संबद्ध थे। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानियों को जब भारतीय चौकी कंटीले घेरे के बिल्कुल करीब दिखी तो वे वहां पहुंच गए। सेना ने घुसपैठ रोकने के लिए नियंत्रण रेखा से लगते भारतीय क्षेत्र में त्रिस्तरीय बाड़बंदी कराई है। भारतीय क्षेत्र में दो किलोमीटर तक लगभग 500 मीटर चौड़ी बाड़बंदी कराई गई है। लेकिन घुसपैठियों ने घने कोहरे का फायदा उठाया। वे जंगली इलाके में लगे कंटीले बाड़ को काटकर भारत की सीमा में घुस आए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानियों के इस हमले को लेकर आधिकारिक स्तर पर कड़ा रुख अपनाया जा रहा है।
पाकिस्तानी सैनिकों के हमले की यह घटना भारत की इस अपील के तुरंत बाद सामने आई है कि पाकिस्तान यह सुनिश्चित करे कि नियंत्रण रेखा की पवित्रता हमेशा बनी रहेगी। इस घटना के बाद भारत और पकिस्तान के बीच संबंध एक बार फिर पटरी से उतरने की आशंका जताई गई है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.