मछुआरा हत्‍या के आरोपी दोनों इतालवी नौसैनिक भारत लौटे

इटली के दो मरीन सैनिक शुक्रवार को परिवार के साथ क्रिसमस मनाने के बाद कोच्चि लौट गए। गौर हो कि इन दोनों इतालवी मरीन सैनिक आज सुबह विशेष विमान से भारत लौट आए।

कोच्चि : इटली के दो मरीन सैनिक शुक्रवार को परिवार के साथ क्रिसमस मनाने के बाद कोच्चि लौट गए। गौर हो कि इन दोनों इतालवी मरीन सैनिक आज सुबह विशेष विमान से भारत लौट आए, जिन पर केरल में दो भारतीय मछुआरों की गोली मार कर जान लेने के आरोप में हत्या के आरोप लगे हैं।
हवाईअड्डा सूत्रों ने बताया कि मासिमिलियानों लातोरे और सैल्वातोरे गिरोने आज सुबह सात बज कर 50 मिनट पर विशेष विमान से कोच्चि पहुंचे। उच्च न्यायालय ने दोनों को दो सप्ताह के लिए अपने घर जाने की अनुमति दी थी। यह दोनों अपने पासपोर्ट सौंपने के लिए कल कोल्लम अदालत जाएंगे।
दोनों मरीनों को पिछले साल 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने वाणिज्यिक पोत ‘एनरिका लेक्सी’ से अलपुझा के तट पर दो भारतीय मछुआरों अजेश बिंकी (25) और जेलेस्टाइन (45) को सोमाली दस्यु समझ कर गोली मार दी थी जिससे दोनों की मौत हो गई थी।
अदालत ने दोनों मरीनों को क्रिसमस पर अपने घर जाने की सशर्त मंजूरी दी थी और उन्हें 10 जनवरी तक लौट आने को कहा था। कोल्लम की सत्र अदालत ने उन्हें 15 जनवरी को सुनवाई के लिए पेश होने को भी कहा था। दो सप्ताह के लिए इटली जाने से पहले दोनों मरीनों ने केरल उच्च न्यायालय के आदेश पर छह करोड़ रूपये बतौर बैंक गारंटी जमा भी किए थे। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.