अस्पताल में भर्ती विलासराव देशमुख की हालत नाजुक

केंद्रीय विज्ञान एवम तकनीकी मंत्री विलासराव देशमुख की हालत अत्‍यंत गंभीर बनी हुई है।

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
चेन्नई: केंद्रीय विज्ञान एवम तकनीकी मंत्री विलासराव देशमुख की हालत अत्‍यंत गंभीर बनी हुई है। इसी वजह से उन्‍हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
लीवर संबंधी बीमारी के कारण यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये गये केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विलासराव देशमुख की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। उपनगरीय पेरूमबक्कम के ग्लोबल अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया, ‘उनकी स्थिति गंभीर है। वह आईसीयू में हैं। डाक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं।’ देशमुख को कल एयर एम्बुलेंस से शहर लाये जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
महाराष्ट्र के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके 67 वर्षीय देशमुख अस्पताल में प्रख्यात यकृत प्रत्यारोपण सर्जन डा. मोहम्मद रेला की निगरानी में हैं। संभावना है कि उन्हें यकृत प्रत्यारोपण के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। देशमुख को मुंबई के एक अस्पताल में संक्षिप्त इलाज के बाद यहां आनन फानन में लाया गया।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री देशमुख की तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। इस कारण कुछ दिन पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनके कुछ टेस्ट भी कराए गए थे। 2008 में मुंबई पर आतंकवादी हमले के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.