छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेताओं पर नक्सली हमला, कांग्रेस नेताओं सहित 17 की मौत

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बड़े नेताओं पर नक्सली हमला होने की खबर है। हमले में कांग्रेस के कई नेताओं के घायल होने की खबर है। बताया जाता है कि इस हमले में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नंद कुमार पटेल के पुत्र को नक्सलियों ने अगवा कर लिया है।

रायपुर/नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के घने जंगलों में कांग्रेसी नेताओं के एक काफिले पर भारी हथियारों से लैस नक्सलियों के एक बेहद घातक हमले में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेंद्र कर्मा समेत कम से कम 17 लोग मारे गए हैं तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री वी सी शुक्ला और 19 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि नक्सलियों ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के समीप दरबा घाटी वैली में कांग्रेसी नेताओं के काफिले पर हमले के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नंद कुमार पटेल तथा उनके बेटे दिनेश का अपहरण भी कर लिया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव ( नक्सल प्रबंधन) एम.ए. गणपति ने नई दिल्ली में बताया कि हमले में 17 लोग मारे गए हैं तथा 20 अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मारे गए और घायल हुए लोगों में अधिकतर कांग्रेसी नेता तथा कार्यकर्ता शामिल हैं। हमले में मारे गए चार-पांच लोग कांग्रेसी नेताओं के निजी सुरक्षा अधिकारी थे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने देर रात संवाददाता सम्मेलन में नक्सली हमले में मरने वालों की संख्या 16 बतायी लेकिन घायलों के बारे में कोई आंकड़ा नहीं दिया। इस बीच, 84 वर्षीय शुक्ला का जगदलपुर अस्पताल में आपरेशन चल रहा है। हमले में उनके शरीर में लगी तीन गोलियां निकालने के लिए उनका आपरेशन किया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नई दिल्ली में कहा कि शुक्ला को पेट में गोली लगी है।
रमन सिंह ने बताया कि शुक्ला की हालत स्थिर है। कर्मा के अलावा, पूर्व कांग्रेस सांसद गोपाल माधवन तथा राजनांदगांव से पूर्व विधायक उदय मुदालियार भी हमले में मारे गए तथा एक प्रमुख महिला आदिवासी नेता फुलो देवी नेताम, बस्तर घायल हो गयीं।
नक्सलियों ने शाम करीब साढ़े पांच बजे ‘परिवर्तन रैली’ से लौट रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के काफिले पर हमला किया।
पूर्व गृह मंत्री और ‘सलमा जुडूम’ के संस्थापक कर्मा को करीब 100 से 150 नक्सलियों ने घेर लिया और उनके शरीर को गोलियों से छलनी कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सलियों ने बारूदी सुरंग से विस्फोट करने से पूर्व पेड़ गिराकर सड़क को अवरूद्ध कर दिया था। बारूदी सुरंग विस्फोट में काफिले का एक वाहन भी चपेट में आ गया। हमले के बाद नक्सलियों ने समीप के पेड़ों में आग लगा दी। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.