मधु कोड़ा ने पुलिस में लिखवाई शिकायत

बिरसा मुंडा जेल में हाथापाई का शिकार हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जेल अधिकारियों पर इसका आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

रांची : बिरसा मुंडा जेल में हाथापाई का शिकार हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जेल अधिकारियों पर इसका आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

 

रांची के सदर पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि कोड़ा की विधायक पत्नी गीता ने सोमवार देर रात कोड़ा का शिकायत-पत्र थाने में दिया। शिकायत पत्र में जेल अधिकारियों पर आरोप लगाया गया है, हालांकि किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है।

 

इस शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज के सवाल पर इस अधिकारी ने कहा, ‘हम इस शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने से पहले अपने वरिष्ठ अधिकारियों से सलाह लेंगे।’ उधर, गीता कोड़ा ने मीडिया के समक्ष यह आरोप लगाया कि रांची जिला प्रशासन ‘घटना की सही जानकारी नहीं देकर’ इसे शांत करने का प्रयास कर रही है।

 

कोड़ा करोड़ों रुपए के घोटाले के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं और कल कथित रूप से जेल में कैदियों की पिटाई के बाद उनके हाथ की हड्डी टूट गई थी। रांची के उपायुक्त के.के. सोन ने कहा था कि जेल के उच्च विभाग वार्ड के कुछ कैदियों ने 40 वर्षीय कोड़ा को अन्य कैदियों के साथ खाना खाने की जिद के बाद उनकी पिटाई कर दी। कोड़ा को हाथ में जख्म के बाद राजेंद्र मेडिकल विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। कोड़ा झारखंड के चाइबासा से लोकसभा सांसद हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.