विश्वरूपम: बैन के खिलाफ अर्जी वापस लेंगे कमल

तमिलनाडु में अपनी फिल्म विश्वरूपम पर पाबंदी के खिलाफ कोर्ट की शरण में गए कमल हासन ने दायर याचिका वापस लेने का फैसला किया है।

चेन्नई : तमिल में बनाई गई ‘विश्वरूपम’ से सरकार के प्रतिबंध हटाने के बाद निर्माता, निर्देशक और अभिनेता कमल हासन ने मद्रास उच्च न्यायालय में दाखिल वह याचिका आज वापस ले ली जिसमें उन्होंने प्रतिबंध को चुनौती दी थी।
समझा जाता है कि याचिका वापस लिए जाने के बाद अब मेगा बजट की फिल्म जल्द रिलीज हो सकेगी।
न्यायमूर्ति एस राजेश्वरन के समक्ष यह मामला सुनवाई के लिए आया था। कमल हासन और सरकार दोनों ने अभिनेता और मुस्लिम संगठनों के बीच समझौता होने के बाद याचिकाएं वापस लेने की इच्छा जताई थी। न्यायमूति राजेश्वरन ने दोनों को याचिकाएं वापस लेने की अनुमति दे दी।
फिल्म का विरोध मुस्लिम संगठनों ने किया था। उनका दावा था कि इसके कुछ दृश्यों से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। करीब 100 करोड़ रूपये की लागत से बनाई गई इस फिल्म पर मुस्लिम संगठनों के आपत्ति जताने के बाद जिला कलेक्टरों ने वह आदेश वापस ले लिया जिसके तहत फिल्म की रिलीज पर 23 जनवरी को प्रतिबंध लगाया गया था।
फिल्म के प्रदर्शन का रास्ता साफ करते हुए सरकार ने इस पर लगाया गया प्रतिबंध कल हटा लिया था। इसी के साथ ही एक सप्ताह से कमल हासन और मुस्लिम संगठनों के बीच चल रहा गतिरोध दूर हो गया था। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.