निजी ट्रस्टों के अधीनस्थ PF खातों का ऑनलाइन स्थानांतरण शीघ्र

निजी PF ट्रस्टों के अधीन आने वाले कर्मचारी अगले महीने से अपने भविष्य निधि (PF) खातों का ऑनलाइन स्थानांतरण कर पाएंगे। निजी PF ट्रस्ट अपने कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन करते हैं।

नई दिल्ली : निजी PF ट्रस्टों के अधीन आने वाले कर्मचारी अगले महीने से अपने भविष्य निधि (PF) खातों का ऑनलाइन स्थानांतरण कर पाएंगे। निजी PF ट्रस्ट अपने कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन करते हैं। लगभग 2750 निजी भविष्य निधि (PF) ट्रस्ट हैं जो अपने कर्मचारियों के खातों का प्रबंधन करते हैं।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की सूचना सेवा शाखा इस तरह की प्रणाली पर काम कर रही है जिससे एक निजी PF ट्रस्ट से PF खातों को किसी अन्य फर्म या अन्य फर्म के कर्मचारी के PF खातों को इस तरह के ट्रस्ट में स्थानांततिर किया जा सके। यह सुविधा चार से छह सप्ताह में शुरू की जा सकती है। सूचना सेवा शाखा ने हाल ही में केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त केके जालान को यह जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि PF दावों के आनलाइन स्थानांतरण की सुविधा पहले ही शुरू की जा चुकी है। EPFO ने अपना ऑनलाइन स्थानांतरण दावा पोर्टल (OTCO) इस साल दो अक्टूबर को शुरू किया। फिलहाल यह सुविधा उन कंपनियों के लिए उपलब्ध हैं जो अपने कर्मचारियों के खातों का खुद प्रबंध नहीं करती बल्कि उनका प्रबंध सम्बद्ध क्षेत्रीय निधि आयुक्तों के जरिए होता है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.