‘जिया के काफी करीबी व्यक्ति ने की उसकी हत्या’

अभिनेत्री जिया खान की कथित हत्या मामले की जांच कर रही महानगर पुलिस ने आज उनकी मां राबिया खान का बयान दर्ज किया। राबिया ने दावा किया कि उनकी बेटी ने फांसी नहीं लगाई बल्कि उसके ‘‘काफी करीबी व्यक्ति’’ ने उसकी हत्या की। उनका इशारा संभवत: सूरज पंचोली की तरफ था।

मुंबई : अभिनेत्री जिया खान की कथित हत्या मामले की जांच कर रही महानगर पुलिस ने आज उनकी मां राबिया खान का बयान दर्ज किया। राबिया ने दावा किया कि उनकी बेटी ने फांसी नहीं लगाई बल्कि उसके ‘‘काफी करीबी व्यक्ति’’ ने उसकी हत्या की। उनका इशारा संभवत: सूरज पंचोली की तरफ था।
राबिया ने बंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर आरोप लगाए थे कि जिया की हत्या की गई थी न कि उसने खुदकुशी की। इस पर न्यायालय ने पुलिस को मामले में और जांच करने का आदेश दिया था।
न्यायमूर्ति एस. सी. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति गौतम पटेल की पीठ ने राबिया की याचिका पर सुनवाई करते हुए जुहू पुलिस से कहा कि राबिया खान का बयान 26 अक्तूबर को थाने में दर्ज किया जाए।
जुहू थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आदेश के मुताबिक राबिया सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंची और कई बार उनके बयान दर्ज हुए। भावुक राबिया ने दावा किया कि उनकी बेटी ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उसके काफी करीबी व्यक्ति ने उसकी हत्या की। उनके वकील भी मौजूद थे।’’ अधिकारी ने कहा कि यह अभिनेता आदित्य पंचोली और जरीना वहाब के बेटे सूरज की तरफ इशारा करते हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने (राबिया) उन्हीं बातों को विस्तार से बताया जो उनके वकील बंबई उच्च न्यायालय के संज्ञान में ला चुके हैं।’’ जिया के स्युसाइड नोट के आधार पर सूरज को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में 10 जून को गिरफ्तार किया गया था। स्युसाइड नोट में जिया ने ‘‘दिल टूटने’’ की बात कही थी। उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद सूरज को 2 जुलाई को जेल से रिहा किया गया। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.