सूफी गायक हंसराज हंस ने कबूला इस्लाम धर्म?

कई पाकिस्तानी न्यूज साइट्स पर चल रही खबरों में यह कहा गया है कि पंजाब के सूफी गायक व पद्मश्री हंसराज हंस ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म कबूल कर लिया है।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
मुंबई/जालंधर : कई पाकिस्तानी न्यूज साइट्स पर चल रही खबरों में यह कहा गया है कि पंजाब के सूफी गायक व पद्मश्री हंसराज हंस ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म कबूल कर लिया है। खबर के मुताबिक हंस ने मंशा जाहिर की है कि वे जल्द से जल्द मदीना जाना चाहते हैं। अब उनका नाम मोहम्मद यूसुफ होगा। हालांकि संगीत की दुनिया में वे हंसराज हंस के नाम से ही काम करेंगे। हंसराज के बेटे युवराज हंस ने इस खबर को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि उनके पिता ने ऐसा कुछ नहीं किया है। वो जालंधर में ही हैं। तबीयत खराब होने की वजह से वो किसी से बात नहीं कर रहे हैं।
जालंधर के पास स्थित सफीपुर गांव में पैदा हुए हंस ने छोटी उम्र से ही गायकी शुरू कर दी थी। पिता सरदार रक्षपाल सिंह व मां सृजन कौर या उनकी पहले की पीढ़ी में संगीत नहीं था। कई यूथ फेस्टिवलों में विजेता बनने से शुरू हुआ हंस की गायकी का सफर फिल्मों, म्यूजिक इंडस्ट्री व राजनीति के गलियारों से होता हुआ अभी तक जारी है। सूफी संगीत को नई दिशा देने वाले हंस को पंजाब सरकार ने राज गायक की भी उपाधि दी है। नुसरत फतेह अली खान के साथ `कच्चे धागे` फिल्म से बालीवुड में कदम रखने वाले हंस ने `नायक`, `ब्लैक`, `बिच्छू` सहित दर्जन फिल्मों के लिए गीत गाए।
2009 में पंजाब की सियासत में कदम रखने और लोकसभा चुनाव हारने के बाद संगीत की दुनिया हंस को मुंबई खींच ले गई। मुंबई की गलियां फांकने के बाद वे दोबारा अकाली दल में सक्रिय हुए और पार्टी के लिए काम करने लगे। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जालंधर से शिअद की टिकट पर उनकी भी दावेदारी मानी जा रही थी, लेकिन उनके स्थान पर मंगलवार को पवन टीनू को उम्मीदवार बना दिया गया। इस हालात में हंस के इस्लाम कबूलने की खबर सियासत के नए समीकरण भी पैदा कर सकती है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.