हथियारों से लदे जहाज के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं

भारतीय जल क्षेत्र में हथियारों, विस्फोटकों और गोला-बारूद से लदे विदेशी ‘एमवी सीमैन गार्ड ओहायो’ जहाज के पकड़े जाने के बाद 48 घंटे से अधिक समय बीत चुका है लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह जहाज बिना अनुमति के भारतीय जल क्षेत्र में कैसे और क्यों दाखिल हुआ।

ज़ी मीडिया ब्यूरो/आलोक कुमार राव
चेन्नई : भारतीय जल क्षेत्र में हथियारों, विस्फोटकों और गोला-बारूद से लदे विदेशी ‘एमवी सीमैन गार्ड ओहायो’ जहाज के पकड़े जाने के बाद 48 घंटे से अधिक समय बीत चुका है लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह जहाज बिना अनुमति के भारतीय जल क्षेत्र में कैसे और क्यों दाखिल हुआ। जहाज अमेरिकी कंपनी ‘एडवंटफोर्ट’ का बताया जा रहा है। भारतीय तटरक्षक अधिकारियों ने इस जहाज को तमिलनाडु के तूतीकोरिन बंदरगाह के समीप पकड़ा था।
जहाज ‘एमवी सीमैन गार्ड ओहायो’ पर सिएरा लियोन का ध्वज लगा है। इसे शुक्रवार रात भारतीय जलक्षेत्र में देखा गया। इसेक बाद कोस्ट गार्ड के अधिकारियों ने शनिवार तड़के तूतीकोरिन बंदरगाह के पास इस जहाज को पकड़ा। तूतीकोरिन बंदरगाह चेन्नई से करीब 600 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
यह सूचना मिलने पर कि एक संदेहास्पद व्यापारिक जहाज भारतीय जलक्षेत्र में भ्रमण कर रहा है और उस पर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद है, भारतीय तटरक्षकों ने इस संदिग्ध जहाज को पकड़ा और इसे लेकर तूतीकोरिन बंदरगाह आए।
अमेरिकी कंपनी ‘एडवंटफोर्ट’ व्यापारिक जहाजों को समुद्री लूटेरों से सुरक्षा प्रदान करती है। सिएरा लियोन एक पश्चिम अफ्रीकी देश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जहाज पर पकड़े गए 35 लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। इन 35 लोगों में 10 चालक दल (आठ भारतीय, दो उक्रेन के) के सदस्य हैं जबकि शेष सुरक्षा गार्ड हैं। इन सुरक्षा गार्डों में कई देशों के नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पकड़े गए जहाज के कप्तान ने पूछताछ में बताया है कि ‘एडवंटफोर्ट’ हिंद महासागर में समुद्री डाकुओं के खतरे वाले जलक्षेत्र में व्यापारिक जहाजों को सुरक्षा मुहैया कराती है और जहाज को आवश्यक सभी मंजूरी प्राप्त है।
वहीं, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी सवाल उठाए हैं। भाजपा ने पूछा है कि ‘तैरता हथियारों का जखीरा’ किस देश का है, भारतीय जल क्षेत्र में क्यों आया? भाजपा ने मांग की है सरकार इस पूरे मामले को देश के सामने रखे।
भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने सवाल किया कि ‘एमवी सीमैन गार्ड ओहायो’ नामक पकड़े गए जहाज़ और उसमें सवार लोगों के मूल देश तथा उनकी कानूनी स्थिति अभी तक स्पष्ट क्यों नहीं की गई है। उन्होंने जानना चाहा कि हथियारों से लदा यह जहाज़ 15 से 45 दिनों तक किस हैसियत से भारतीय जल क्षेत्र में रहा।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.