नेहरू की 125वीं जयंती वर्ष में 100 करोड़ खर्चेगी सरकार!

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को विशेष श्रद्धांजलि देने के लिए सरकार ने उनकी 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में समूचे वर्ष कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है। उसपर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की संभावना है।

नई दिल्ली : भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को विशेष श्रद्धांजलि देने के लिए सरकार ने उनकी 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में समूचे वर्ष कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है। उसपर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की संभावना है।
इन कार्यक्रमों में विशेष सिक्का और डाक टिकट जारी करने के अतिरिक्त महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित रिचर्ड एटनबरो की ‘गांधी’ की तरह नेहरू पर फीचर फिल्म का निर्माण करना शामिल है। यह फैसला प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने किया। उसमें संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी हिस्सा लिया था।
बैठक में प्रदर्शनी, देशभर में संगोष्ठी के आयोजन, नेहरू की चुनिंदा कृतियों को पूरा करना और नेहरू मेमोरियल संग्रहालय का जीर्णोद्धार समेत विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया। यह भी फैसला किया गया कि गांधी विरासत पोर्टल की तर्ज पर ‘नेहरू पोर्टल’ का भी निर्माण किया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीकी नेता नेल्सन मंडेला की तर्ज पर नेहरू के जीवन पर मल्टी मीडिया और सोशल मीडिया पहुंच के बारे में भी सुझाव दिया गया। गांधी के जीवन पर बनी फिल्म की तरह ही नेहरू के जीवन पर भी फीचर फिल्म बनाने का प्रस्ताव दिया गया और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से इसके लिए अंतरराष्ट्रीय रूप से चर्चित किसी निर्देशक की सेवाएं लेने को कहा गया।
फीचर फिल्म पर आने वाले खर्च को सरकार द्वारा संचालित नेशनल फिल्म्स डिवीजन कॉरपोरेशन वहन करेगा। इसके अतिरिक्त नेहरू के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर पुस्तकें और पर्चे प्रकाशित किए जाएंगे और 1960 से 1964 के बीच नेहरू की चुनिंदा कृतियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। नेहरू मेमोरियल पुस्तकालय विभिन्न विषयों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा। इंग्लैंड के उन स्कूलों में से एक में नेहरू की प्रतिमा लगाने का प्रयास किया जाएगा जहां उन्होंने पढ़ाई की थी।
नेहरू के नाम पर एक छात्रवृत्ति योजना शुरू की जाएगी और कैंब्रिज और विभिन्न भारतीय विश्वविद्यालयों में उनके नाम पर एक पीठ स्थापित की जाएगी। ट्रेन पर मोबाइल नेहरू संग्रहालय शुरू किया जाएगा और दिल्ली में नेहरू संग्रहालय और इलाहाबाद में आनंद भवन के पुनरद्धार का काम भी शुरू किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों पर 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है लेकिन ठीक-ठीक राशि को अब तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर 62 करोड़ रुपये, मोतीलाल नेहरू की जयंती पर तीन करोड़ रुपये और स्वामी विवेकानंद की जयंती पर 210 करोड़ रुपये (12वीं योजना के दौरान) के खर्च का प्रावधान किया गया। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.