पार्टी नेतृत्व का इस्तीफा आगे बढ़ने का रास्ता नहीं : तिवारी

कांग्रेस कार्यसमिति की होने वाली बैठक से पूर्व पार्टी नेता मनीष तिवारी ने कहा कि चुनावी हार के बाद पार्टी नेतृत्व का इस्तीफा देना आगे बढ़ने का रास्ता नहीं हो सकता है।

नई दिल्ली : कांग्रेस कार्यसमिति की होने वाली बैठक से पूर्व पार्टी नेता मनीष तिवारी ने कहा कि चुनावी हार के बाद पार्टी नेतृत्व का इस्तीफा देना आगे बढ़ने का रास्ता नहीं हो सकता है।
पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा, ‘ चुनाव परिणाम काफी निराशाजनक हैं और मैं नहीं समझता कि इस्तीफा देना या पद देना आगे बढ़ने का रास्ता हो सकता है।’ तिवारी से पूछा गया था कि क्या कांग्रेस आध्यक्ष सोनिया गांधी को लोकसभा चुनाव में करारी पराजय की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के लिए क्या गलत हुआ, न केवल इस बारे में आत्मचिंतन किये जाने की जरूरत है बल्कि यह भी विचार करने योग्य है कि विपक्ष के लिए क्या सही रहा। कांग्रेस नेता ने एक टीवी चैनल से कहा, ‘ इस बारे में व्यापक विश्लेषण और आत्मचिंतन की जरूरत है। इस प्रक्रिया के जरिये ही हम पार्टी के पुनर्गठन की प्रक्रिया को शुरू कर सकते हैं। ’ तिवारी ने कहा कि पार्टी की शीर्ष निर्णायक निकाय सीडब्ल्यूसी इन विषयों पर निष्कर्ष निकालेगी।
सीडब्ल्यूसी की आज बैठक होने वाली है। पार्टी सूत्रों ने इन खबरों को खारिज किया कि सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.