आखिरी चरण: तीन राज्यों में 41 सीटों पर मतदान आज, सबकी निगाहें काशी पर

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज तीन राज्यों के 41 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा जहां भाजपा के साथ ही तृणमूल कांग्रेस, सपा एवं बसपा जैसे क्षेत्रीय दलों की साख दांव पर लगी है। लेकिन देश दुनिया की निगाहें वाराणसी (काशी) सीट पर होंगी जहां से भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ रहे हैं।

ज़ी मीडिया ब्यूरो/प्रवीण कुमार
नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज तीन राज्यों के 41 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा जहां भाजपा के साथ ही तृणमूल कांग्रेस, सपा एवं बसपा जैसे क्षेत्रीय दलों की साख दांव पर लगी है। लेकिन देश दुनिया की निगाहें वाराणसी (काशी) सीट पर होंगी जहां से भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव के इस नौवें और अंतिम चरण में करीब नौ करोड़ मतदाता 606 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे जिनमें भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल (दोनों वाराणसी) और समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव (आजमगढ़) शामिल हैं। नौवें चरण के चुनाव के लिए शनिवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 18, पश्चिम बंगाल की 17 और बिहार की छह सीटों के लिए मतदान होगा।
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की इस बड़ी कवायद का परिणाम 16 मई को सभी 543 सीटों की मतगणना के बाद सामने आएगा। चुनाव के पहले चरण में 7 अप्रैल को मतदान हुआ था और तब से लेकर आठ चरणों में 502 लोकसभा क्षेत्रों के लिए 66.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस बार मतदान के आंकड़े ने सर्वाधिक मतदान के 1984 के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। 2009 में पिछले लोकसभा चुनाव में 57.94 प्रतिशत मतदान हुआ था।
नौवें चरण में उत्तर प्रदेश की 18 सीटों पर वोट पड़ेंगे। ये सभी 18 सीटें राज्य के पूर्वी हिस्से में आती हैं जहां कुल 328 प्रत्याशी मैदान में हैं। वर्ष 2009 के आम चुनाव में इनमें से छह सीटें सपा ने जीती थीं। इसके अलावा पांच सीटें बसपा, चार सीटें भाजपा और तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गयी थीं। इस चरण में उत्तर प्रदेश में डुमरियागंज, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, लालगंज, आजमगढ़, घोसी, सलेमपुर, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज लोकसभा सीटों पर वोट पड़ेंगे।
इन सीटों में आजमगढ़ भी है जहां से सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव चुनाव लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पहली बार पूर्वी हिस्से से किस्मत आजमा रहे हैं। वह अपनी परंपरागत सीट मैनपुरी से भी चुनौती दे रहे हैं। इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह, कांग्रेस से भाजपा में आये जगदंबिका पाल, माफिया
डॉन मुख्तार अंसारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र, योगी आदित्यनाथ, भोजपुरी कलाकार रविकिशन और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल में 17 सीटों पर वोट पड़ेंगे। यहां चुनावी दौड़ में शामिल प्रमुख तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों में सुदीप बंदोपाध्याय, दिनेश त्रिवेदी और सौगत रॉय के साथ दीपक अधिकारी और तापस पॉल जैसे फिल्मी कलाकार हैं। तृणमूल की युवा इकाई के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी भी मैदान में हैं। दूसरी तरफ माकपा की सुभाषिनी अली भी अहम उम्मीदवारों में गिनी जा रहीं हैं। राज्य में भाजपा के उम्मीदवार पीसी सरकार जूनियर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी, प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री असीम दासगुप्ता (माकपा) और भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री तपन
सिकदर भी अंतिम चरण के मुकाबले में हैं।
पश्चिम बंगाल की जिन 17 सीटों पर आज मतदान होने जा रहा है उनमें बहरमपुर, कृशनगर, राणाघाट, बनगांव, बैरकपुर, दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमंड हॉर्बर, जाधवपुर, कोलकाता (दक्षिण), कोलकाता (उत्तर), तमलुक, कोनतई और घाटल शामिल हैं। 2009 के चुनाव में इनमें से 14 सीटों तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की थी, जबकि माकपा का खाता नहीं खुला था और भाकपा, एसयूसीआई और कांग्रेस ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी ।
बिहार की जिन छह सीटों पर आज मतदान होंगे उनमें बाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, गोपालगंज और सिवान शामिल हैं। इन छह सीटों के लिए 90 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें फिल्मकार प्रकाश झा और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह भी शामिल हैं। प्रकाश झा जदयू के टिकट पर पश्चिम चंपारण से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं रघुवंश प्रसाद सिंह वैशाली से राजद के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
हाईप्रोफाइल सीट वाराणसी के लिए पुख्ता इंतजाम
चुनाव अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने भाजपा के प्रति कथित तौर पर पक्षपातपूर्ण रूख रखने को लेकर पार्टी की ओर से आलोचनाओं का सामना करने के बीच कहा कि सोमवार को यहां लोकसभा चुनाव ‘स्वतंत्र एवं निष्पक्ष’ तरीके से होंगे। चुनाव अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने बताया कि किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
दरअसल, भाजपा यह आरोप लगा रही है कि स्थानीय प्रशासन राज्य की सपा सरकार के तहत काम कर रहा है। भाजपा ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए जिलाधीश एवं निर्वाचन अधिकारी प्रांजल यादव का तबादला करने तक की मांग की है। वाराणासी में चुनाव तैयारियों के बारे में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर अद्धैसैनिक बल तैनात किए गए हैं।
वाराणसी लोकसभा सीट के पांच विधानसभा क्षेत्रों में करीब 16 लाख मतदाता हैं। सीसीटीवी कैमरों से 1,200 से अधिक मतदान केंद्रों पर नजर रखी जाएगी और शेष करीब 300 मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की सुविधा होगी। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और यह शाम छह बजे तक होगा। वरिष्ठ नागरिकों और शारीरिक रूप से अशक्त मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है।
मतदान केंद्र परिसर में मौजूद मतदाताओं को शाम छह बजे के बाद भी मतदान की इजाजत दी जाएगी। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के यहां से चुनाव लड़ने के चलते वाराणसी का चुनाव हाई प्रोफाइल हो गया है। मोदी को आप के अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के अजय राय मुख्य चुनौती दे रहे हैं जबकि चुनाव मैदान में कुल 42 उम्मीदवार हैं।
अनियमितताओं को पकड़ने के लिए अपने स्वयंसेवियों द्वारा जासूसी कैमरों का इस्तेमाल किए जाने के आम आदमी पार्टी के बयान पर यादव ने कहा कि मतदान केंद्र के अंदर किसी को भी रिकार्डिंग की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां तक कि मीडिया को भी मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। सुरक्षा इंतजाम के बारे में यादव ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। 500 माइक्रो आब्जर्वर भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.