CWG 2014 : योगेश्वर, बबीता ने कुश्ती में तो विकास को चक्का फेंक में सोना

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त और बबीता कुमारी ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा में भारत के बेहतरीन प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए गुरुवार को स्वर्ण पदक जीते जबकि गीतिका जाखड़ को रजत और पवन कुमार को कांस्य पदक मिला। विकास गौड़ा ने भारत को एथलेटिक्स में पहला पीला तमगा (सोना) दिलाते हुए पुरूषों की चक्काफेंक स्पर्धा में बाजी मारी।

CWG 2014 : योगेश्वर, बबीता ने कुश्ती में तो विकास को चक्का फेंक में सोना

ग्लासगो : ओलंपिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त और बबीता कुमारी ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा में भारत के बेहतरीन प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए गुरुवार को स्वर्ण पदक जीते जबकि गीतिका जाखड़ को रजत और पवन कुमार को कांस्य पदक मिला। विकास गौड़ा ने भारत को एथलेटिक्स में पहला पीला तमगा (सोना) दिलाते हुए पुरूषों की चक्काफेंक स्पर्धा में बाजी मारी।

योगेश्वर ने पुरूषों की 65 किलो फ्रीस्टाइल स्पर्धा में पीला तमगा हासिल किया जबकि बबीता ने महिलाओं के 55 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं के 63 किलो वर्ग में गीजिका को हालांकि रजत से संतोष करना पड़ा जबकि पवन कुमार ने पुरूषों के 86 किलो वर्ग में कांसे का तमगा जीता।

कुश्ती स्पर्धा का आखिरी दिन भारत के लिये अच्छा रहा। योगेश्वर ने आसानी से फाइनल में प्रवेश किया । उसने बेहतरीन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए अपने तीनों मुकाबले जीते । पहले उसने स्काटलैंड के एलेक्स ग्लाडकोव को 4-0 से हराया। उसके बाद स्काटलैंड के ही गेरेथ जोंस को क्वार्टर फाइनल में मात दी। उसने सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका के चामारा परेरा को 5-0 से शिकस्त दी।

फाइनल में उसने दबदबा कायम रखते हुए कनाडा के जेवोन बालफोर को सिर्फ 1:53 सेकेंड में हरा दिया। इससे पहले बबीता ने फाइनल में ब्रिटानी लावेरड्यूर को 9-2 से शिकस्त देकर आज भारत को पहला स्वर्ण दिलाया। महिलाओं के 63 किलो वर्ग में हालांकि गीतिका को कनाडा की डेनियेले लापेजे ने एकतरफा फाइनल में 7-0 से हरा दिया। पुरूषों के 86 किलो वर्ग में भारत के पवन कुमार ने पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को 3-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। कुश्ती में भारत ने कुल 13 पदक (पांच स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य) जीते। दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पहलवानों की झोली में 19 पदक गिरे थे जिनमें 10 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य थे ।

विकास गौड़ा को चक्काफेंक में स्वर्ण
विकास गौड़ा ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को एथलेटिक्स में पहला पीला तमगा दिलाते हुए पुरूषों की चक्काफेंक स्पर्धा में बाजी मारी। चार साल पहले दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले गौड़ा ने इस बार पदक का रंग बदलने में सफलता हासिल की। उन्होंने 63.64 मीटर का थ्रो फेंककर पहला स्थान हासिल किया। साइप्रस के एपोटोरोस पारेलिस 63.32 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरे स्थान पर रहे जबकि जमैका के जे मोर्गन (62.34 मीटी) ने कांस्य पदक हासिल किया। पिछले साल पुणे में एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले गौड़ा लंदन ओलंपिक 2012 में भी चक्काफेंक के फाइनल में पहुंचे थे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.