हॉकी विश्व कप: भारत ने मलेशिया को 3-2 से हराया

आकाशदीप सिंह के तीन मिनट में किये गये दो गोल की बदौलत भारत ने आज यहां पुरूष हाकी विश्व कप के मैच में मलेशिया पर 3-2 से जीत दर्ज की। जसजीत सिंह कुलार ने 13वें मिनट में भारत के लिये पहला गोल किया लेकिन मलेशिया ने 45वें मिनट में मोहम्मद राजी द्वारा पेनल्टी कार्नर से किये गोल से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

द हेग (नीदरलैंड) : आकाशदीप सिंह के तीन मिनट में किये गये दो गोल की बदौलत भारत ने आज यहां पुरूष हाकी विश्व कप के मैच में मलेशिया पर 3-2 से जीत दर्ज की। जसजीत सिंह कुलार ने 13वें मिनट में भारत के लिये पहला गोल किया लेकिन मलेशिया ने 45वें मिनट में मोहम्मद राजी द्वारा पेनल्टी कार्नर से किये गोल से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद आकाशदीप ने तीन मिनट में लगातार दो गोल कर अपनी टीम को टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करने में मदद की।
पहले आकाशदीप ने 49वें मिनट में रूपिंदर पाल सिंह द्वारा जवाबी हमले वाली गेंद को आड़े क्रास से डिफ्लेक्ट कर गोल दागा। फिर दो मिनट बाद उन्होंने सर्कल के अंदर कप्तान सरदार सिंह के पास से गोल किया। मलेशिया ने 61वें मिनट में जीत के अंतर को कम किया, उसके लिये मरहान जालिल ने भारतीय गोलकीपर पी आर श्रीजेश से रिबाउंड पर गोल किया।
भारत ने हालांकि मैच के दौरान गोल करने के कई मौके गंवाये लेकिन उन्हें अंत में खतरनाक मलेशियाई हमलों को रोकने के लिये अपने डिफेंडरों पर भी निर्भर होना पड़ा।
इस जीत से भारत के ग्रुप ए में चार मैचों में चार अंक हो गये हैं, जिससे सुनिश्चित हो गया है कि उसे पूल में निचले स्थान वाली टीम बनने की शर्म नहीं झेलनी पड़ी। भारत का अंतिम ग्रुप मैच गत विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा, जिससे वे चौथे या पांचवें स्थान पर रहेंगे। भारत, स्पेन और मलेशिया के अंतिम लीग मुकाबलों से ही ग्रुप का स्थान सुनिश्चित होगा। स्पेन अपने अंतिम लीग मुकाबले में मलेशिया से भिड़ेगा।
मलेशिया ने अपने सभी चारों मैच गंवा दिये हैं जबकि स्पेन के चार मैचों में दो ड्रा हैं। मलेशिया के लिये एक जीत भारत के लिये ग्रुप में चौथे स्थान का रास्ता बना देगी और वे सातवें-आठवें स्थान के प्ले ऑफ के लिये खेलेंगे। स्पेन को आज बेल्जियम से 2-5 से शिकस्त मिली। बेल्जियम की टीम इससे आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल की दौड़ में बन गयी है।
भारत को आठवें मिनट में मलेशियाई सर्कल में घुसने का मौका मिला, जब रूपिंदर ने सर्कल के उपर से गेंद मंदीप सिंह की ओर भेजी लेकिन वह इसे आगे नहीं बढ़ा सके। मलेशिया को अगले मिनट में अपना पहला पेनल्टी कार्नर मिला, लेकिर राजी के शाट का गोलकीपर श्रीजेश ने अच्छा बचाव किया।

भारत ने इसके बाद लगातार आक्रमण शुरू किया और 13वें मिनट में अपने पहले पेनल्टी कार्नर से गोल किया। एस के उथप्पा ने कुलार को गेंद दी, जिन्होंने सर्कल के उपर से पास लेकर विपक्षी गोलकीपर सुब्रामियाम कुमार को छकाकर गोल दागा। भारत ने गोल करने के अन्य मौके भी बनाये, लेकिन इन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सके जिससे पहले हाफ में स्कोर 1-0 रहा।
मलेशिया ने दूसरे हाफ के 10 मिनट बाद राजी के पेनल्टी कार्नर से किये गोल से बराबरी हासिल की। आकाशदीप का पहला गोल मलेशियाई पेनल्टी कार्नर के बाद आया जब रूपिंदर गेंद लेकर मलेशियाई डिफेंस की ओर बढ़ रहे थे और उन्होंने आकाशदीप को क्रास दिया जिन्होंने इसे डिफ्लेक्ट कर 49वें मिनट में गोल दागा।
सरदार ने दो मिनट बाद भारत के लिये तीसरे गोल का मौका बनाया, वह सेंटर से भागते हुए आये और उन्होंने इसे आकाशदीप की ओर बढ़ाया जिन्होंने इसका पूरा फायदा उठाते हुए अपने खाते में दूसरा गोल डाला।
भारत ने कई बार मौके बनाये लेकिन स्ट्राइकर इनका लाभ नहीं उठा सके जबकि मलेशियाई टीम ने ऐसे ही एक मौके का फायदा उठाकर हार के अंतर को कम किया। जालिल ने भारतीय खेमे में हुए संदेह का फायदा उठाया और गोल दागा।
(एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.